जोगेंद्र मावी, ब्यूरो
ब्यूटी पार्लर, स्पा सेंटरों के बाद अब महिला शोषण का स्थल जिम बन गई हैं। विशेष समुदाय के ट्रेनर या जिम में आने वाले महिलाओं को अपने झांसे में फांसकर ब्लैकमेलिंग का शिकार कर रहे है। ऐसा मामला बरेली के सिविल लाइंस स्थित अल्टीमेट फिटनेस जिम का आया है। जहां मालिक और ट्रेनर अकरम को लेकर चौंकाने वाला खुलासा हुआ है। आरोपी अकरम ने अपने भाई आलम के साथ मिलकर महिलाओं को फंसाने और ब्लैकमेलिंग का धंधा शुरू किया था। उम्र के ढलान पर खड़ा अकरम हकीकत में गंजा है, लेकिन जिम के अंदर वह विग लगाकर खुद को जवान और चुस्त-दुरुस्त दिखाने का ड्रामा करता था।
पॉश इलाके के जिम में बड़े घरानों की महिलाएं वर्कआउट करने आती थीं। दो साल से जिम में आ रहीं महिला डॉक्टर जब अचेत अवस्था में पहली बार यौन शोषण का शिकार हो गई तो दोनों भाई उन्हें ब्लैकमेल करने लगे।
दरअसल, अकरम महिला को जिस कमरे में ले जाता था, उसमें गुप्त सीसी कैमरा भी लगा था। इसमें कमरे की सारी गतिविधि रिकॉर्ड करने की जिम्मेदारी दूसरी जगह बैठे आलम की थी। पुलिस ने अकरम की विग भी बरामद की है।
डॉक्टर पति जाते थे जिम तो नहीं करता था हरकत
पूछताछ में आरोपी अकरम ने बताया कि महिला के डॉक्टर पति से भी उसने अच्छा व्यवहार बना लिया था। उनसे गिफ्ट के रूप में महंगे सप्लीमेंट व एनर्जी ड्रिंक लेता रहता था। कुछ महीने वह भी उसके जिम में आए, लेकिन उन दिनों वह दंपती को नॉर्मल एनर्जी ड्रिंक ही देता था।
फोन में कई महिलाओं के वीडियो मिले
एसएसपी ने खुद अकरम का फोन चेक किया। इसमें कई और महिलाओं के वीडियो मिले। हालांकि इसमें खास अश्लीलता नहीं थी। ज्यादातर वीडियो में वर्कआउट करती महिलाएं सामने की ओर देख रही थीं जैसे वह खुद रील्स बनवा रही हों। पुलिस ने जांच की तो पता लगा कि आलम पर पहले से ही छेड़खानी व अन्य धाराओं के केस दर्ज हैं।

रिकॉर्डिंग में धमकाता सुनाई दिया अकरम
पुलिस के मुताबिक, महिला को धमकाने की ऑडियो रिकॉर्डिंग भी पुलिस ने जब्त की हैं। इनमें से एक में अकरम उनसे पचास लाख रुपये की मांग कर रहा है, ताकि जिम को नया कलेवर दिया जा सके। महिला कहती है कि उनके पास इतनी रकम नहीं है तो अकरम उन्हें सोना लाने के लिए कहता है।
एक ऑडियो में वह सलाह देता है कि तुम्हारा प्लॉट ही 90 लाख का है। मुझे उसे बेचकर बस 50 लाख ही देने हैं। महिला कहती हैं कि प्लॉट मेरे पति के भी नाम है तो अकरम उन्हें धमकाता है कि अभी रजिस्ट्री की जीरोक्स कॉपी भेजूं क्या, जिसमें केवल तुम्हारा नाम है। पुलिस ने अकरम से वह कॉपी भी बरामद की है, जिसे वह बीडीए से निकलवा लाया था।
महिला डॉक्टर का शोषण, जिम संचालक और भाई गिरफ्तार
यूपी के बरेली जिले से एक ऐसी खबर सामने आई है, जिससे जिम में जाने वाली महिलाओं और युवतियों के होश उड़ जाएंगे। दरअसल, कोतवाली इलाके के एक जिम का संचालक और उसका भाई दो साल से एक महिला डॉक्टर का यौन शोषण करते रहे।
शुरुआत में उन्होंने एनर्जी ड्रिंक के बहाने महिला को नशा दिया और बाद में वीडियो क्लिप दिखाकर ब्लैकमेल करने लगे। महिला की शिकायत पर मामला दर्ज कर पुलिस ने दोनों भाइयों को गिरफ्तार कर लिया।
आरोपियों के पास से आपत्तिजनक सामग्री, मोबाइल फोन और वसूले गए दस हजार रुपये बरामद किए हैं। कोतवाली प्रभारी धनंजय पांडेय ने बताया कि सोमवार को महिला ने एसएसपी को बताया कि वह दो साल से सिविल लाइंस स्थित अल्टीमेट फिटनेस जिम में वर्कआउट कर रही थीं।
जिम संचालक अकरम बेग उन्हें पहले प्री-वर्कआउट ड्रिंक देता था। आरोप है कि कभी-कभी इस ड्रिंक में नशीला पदार्थ मिलाया जाता था। इससे महिला को होश नहीं रहता था। तब अकरम उन्हें जिम के कोने में बने कमरे में पड़े बेड पर लिटा देता था।
डॉक्टर ने बताया कि कई बार उन्हें भनक नहीं लगती थी और अकरम उनका शारीरिक शोषण करता था। अकरम का भाई आलम भी जिम में ट्रेनर के रूप में काम करता था। आलम इस दौरान उनका अश्लील वीडियो बनाता था। इसी वीडियो के जरिये ब्लैकमेल कर वह उनसे रुपये ऐंठता था।
शुरुआत में उन्होंने इज्जत की खातिर 80 हजार रुपये दे दिए। फिर 50 लाख रुपये मांगे तो वह एसएसपी के पास पहुंचीं।
