जोगेंद्र मावी, ब्यूरो
हरिद्वार। हरिद्वार विधानसभा के मतदाता बदलाव चाहते हैं, हालांकि पार्टी भी कुछ सीटों पर बदलाव का संकेत दे चुकी है। इसलिए हरिद्वार विधानसभा से भाजपा के कई नेताओं ने अपनी दावेदारी पेश करते हुए पर्यवेक्षक राज्यसभा सांसद नरेश बंसल को अपने बायोडाटा सौंपे है। वैश्य समाज से दो, पंजाबी समाज से एक और ब्राह्मण समाज से चार दावेदारों ने दावेदारी की है।

भारतीय जनता पार्टी ने सांसद और विधानसभा चुनाव में नए प्रयोग किए और सफल भी हुए। नए प्रयोग में जो लगातार चुनाव जीतते आ रहे थे, उन्हें ऐसी सीटों पर प्रत्याशी बनाया जिन्हें पार्टी जीत नहीं पा रही थी। हरिद्वार में ऐसी सीट कलियर, भगवानपुर, मंगलौर है, जिन पर अभी तक भाजपा जीत नहीं सकी है। अब कलियर सीट पर उसी विधानसभा के निवासी पांच बार के विधायक मदन कौशिक को चुनाव मैदान में उतार सकती है।

अब चुनाव नजदीक है और राजनैतिक पार्टियां रायशुमारी करने में लग गई है। मंगलवार को डामकोठी में भाजपा के पर्यवेक्षकों ने हरिद्वार विधानसभा में रायशुमारी की। जिसमें सात नेताओं ने अपनी दावेदारी पेश की।

इन्होंने की दावेदारी
ब्राह्मण समाज से विधायक मदन कौशिक के साथ दर्जाधारी नितिन गौतम, कन्हैया खेवड़िया, उज्जवल पंडित, वैश्य समाज से पूर्व मेयर मनोज गर्ग और समाजसेवी के रूप में पहचान स्थापित करने वाले डॉ विशाल गर्ग, पंजाबी समाज से केंद्रीय दर्जाधारी संजय सहगल ने अपने बायोडाटा राज्यसभा सांसद नरेश बंसल को सौंपे।
