जोगेंद्र मावी, ब्यूरो
हरिद्वार। अपराध किसी भी प्रकार हो, आरोपी बख्शा नहीं जाएगा। प्रशिक्षु क्षेत्राधिकारी/प्रभारी निरीक्षक ने द्विव्येश उपाध्याय ने तत्काल संज्ञान लेकर बच्चों की पिटाई करने वालों को धर—दबोचा। सोशल मीडिया पर वायरल एक वीडियो का संज्ञान लेते हुए पिरान कलियर पुलिस द्वारा त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई करते हुए नाबालिग बच्चों के साथ मारपीट, धमकी एवं क्रूरता करने वाले आरोपियों के विरुद्ध मुकदमा पंजीकृत कर उन्हें हिरासत में ले लिया गया।
हरिद्वार पुलिस को व्हाट्सएप के माध्यम से ग्राम दरियापुर क्षेत्र का एक वीडियो प्राप्त हुआ, जिसमें चार नाबालिग बच्चों के साथ मारपीट होती हुई दिखाई दे रही थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस द्वारा तत्काल वीडियो का सत्यापन एवं जांच की गई।
जांच में पाया गया कि ग्राम दरियापुर निवासी मेघराज एवं महावीर पुत्रगण रामप्रसाद द्वारा चार नाबालिग बच्चों पर कोल्ड ड्रिंक चोरी का आरोप लगाते हुए उन्हें लाठी-डंडों से पीटा गया, गाली-गलौच की गई, जान से मारने की धमकी दी गई तथा उन्हें गलत तरीके से बंधक बनाकर बालकों के प्रति क्रूरता का व्यवहार किया गया।
प्रकरण में थाना पिरान कलियर पर मुकदमा पंजीकृत किया गया। पुलिस द्वारा त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को हिरासत में ले लिया गया है तथा मामले में आवश्यक वैधानिक कार्यवाही प्रचलित है।
पुलिस टीम में इनका रहा सहयोग
कोतवाली पिरान कलियर के प्रशिक्षु क्षेत्राधिकारी/प्रभारी निरीक्षक द्विव्येश उपाध्याय, एसआई शहजाद अली, हेड कांस्टेबल आनन्द सिंह का सहयोग रहा।

