जोगेंद्र मावी, ब्यूरो
हरिद्वार। उत्तरांचल स्टेट प्राईमरी टीचर्स एसोसिएशन (उत्तराखंड राज्य प्राथमिक शिक्षक संघ) हरिद्वार ने जिलाधिकारी हरिद्वार मयूर दीक्षित को पत्र लिखकर विद्यालयों के समय को पूर्व की भांति करने की मांग की है।
गौरतलब है कि नवीन शिक्षा सत्र में सचिव विद्यालयी शिक्षा उत्तराखंड द्वारा प्रदेश के समस्त विद्यालयों का समय सुबह 7:45 से 02:05 कर दिया था जिसका विरोध शिक्षक संगठन पूर्व से ही विभागीय अधिकारियों से लेकर मंत्रियों तक के समक्ष कर रहे है।
उत्तरांचल स्टेट प्राईमरी टीचर्स एसोसिएशन (उत्तराखंड राज्य प्राथमिक शिक्षक संघ) हरिद्वार के जिलाध्यक्ष अश्वनी चौहान महामंत्री हेमेंद्र चौहान एवं कोषाध्यक्ष अरविंद शर्मा द्वारा जिलाधिकारी हरिद्वार को पत्र भेजकर जनपद हरिद्वार के समस्त विद्यालयों के समय को पूर्ववत करने की मांग की है। पत्र में कहा है कि जनपद हरिद्वार की भौगोलिक एवं जलवायु परिस्थितियां प्रदेश के अन्य क्षेत्रों से भिन्न है। पूरे उत्तराखंड में एक समान समय सारणी लागू करना व्यवहारिक एवं तार्किक नहीं है। हरिद्वार में वर्तमान में अत्यधिक तापमान एवं लू के कारण प्राथमिक स्तर के बच्चों का इस नवीन समय सारणी अनुसार विद्यालय में बने रहना बच्चों के स्वास्थ्य के लिए जोखिमपूर्ण हो सकता है। इस संबंध में बच्चों के अभिभावकों में भी गहरी चिंता बनी हुई है।
संगठन ने पत्र में उल्लेख करते हुए मांग की है कि अधिकांश विद्यालयों में पर्याप्त मूलभूत सुविधाओं का अभाव है उसके बावजूद भी अत्यधिक गर्मी एवं लू के चलते विद्यालयो का समय पूर्व की भांति किया जाए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *