जोगेंद्र मावी, ब्यूरो
हरिद्वार। नवनियुक्त मंत्री मंडल में शामिल हुए हरिद्वार ग्रामीण विधायक स्वामी यतीश्वरानंद राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) उत्तराखंड सरकार का हरिद्वार आगमन पर भव्य स्वागत हुआ। स्वागत शांतिकुंज से लेकर वेद मंदिर आश्रम तक हुआ। समर्थकों ने कई स्थानों पर जमकर आतिशबाज़ी की। उनपर फूलों की बारिश कर स्वागत किया। इसके बाद वेद आश्रम में हरिद्वार जनपद के गणमान्य लोगों के साथ आमजन ने गुलदस्ते भेंटकर मंत्री बनने की बधाई दी। स्वागत के बाद उन्होंने कई प्रमुख संतों का आशीर्वाद लिया। हरिद्वार पहुंचे लोकसभा स्पीकर ओम बिडला से मुलाक़ात की।

रविवार को राज्यमंत्री मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) स्वामी यतीश्वरानंद  ने सचिवालय में मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत के साथ यज्ञ में प्रतिभाग किया। इसके बाद हरिद्वार आगमन पर हरिद्वार में शांतिकुंज से समर्थकों ने उल्लासपूर्ण भव्य स्वागत किया। उन्होंने केंद्रीय एवं राज्य नेतृत्व के साथ स्वागत में उमड़े जनसैलाब का आभार जताया। उन्होंने कहा की जनता का विकास होगा। उन्होंने कहा कि जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरने का पूरा प्रयास करेंगे। उनके साथी विधायक संजय गुप्ता ने कहा कि स्वामी जी के मंत्री बनने से जनता में बेहद ख़ुशी है। इसका अंदाज़ा सड़क से लेकर आश्रम तक लगाया जा सकता है।

स्वागत कार्यक्रम के बाद वे संतों से मिले एवं उनका आशीर्वाद लिया। उन्होंने श्री पंचदश नाम जूना पीठ के हरिहर आश्रम में आचार्य महामंडलेश्वर स्वामी अवधेशानंद गिरि महाराज का आशीर्वाद प्राप्त किया।
श्री पंचदश नाम जूना पीठ के हरिहर आश्रम में लोकसभाध्यक्ष ओम बिरला से भेंट की।


हरिद्वार में जगदगुरु शंकराचार्य स्वामी राजराजेश्वरनन्द महाराज का आशीर्वाद मिला। इसके बाद उन्होंने ग़ाज़ीवाली स्थित आश्रम में निरंजनी अखाड़े से सम्बन्धित अंतरराष्ट्रीय योग गुरु स्वामी आनंद गिरी महाराज से भेंट कर आशीर्वाद लिया।