जोगेंद्र मावी, ब्यूरो
हरिद्वार। शहर के मुद्दे उठाकर जनता में अपनी पकड़ मजबूत कर रहे कांग्रेस नेता के होटल पर बड़ी कार्रवाई हुई है। जीएसटी की टीम ने उनके होटल के डाक्यूमेंट जब्त कर लिए है। अशोक शर्मा शहर की समस्याओं को निरंतर उठा रहे थे। वे हरिद्वार विधानसभा से तैयारी कर रहे हैं। उनके प्रतिष्ठान पर जीएसटी का छापा पड़ने से बड़ा सवाल उठने लगा है।
कांग्रेस की पूर्व मेयर अनीता शर्मा के पति अशोक शर्मा के हरिद्वार रेलवे स्टेशन के सामने स्थित होटल अशोका में मंगलवार को जीएसटी विभाग की टीम ने छापेमारी की। अचानक हुई कार्रवाई से होटल परिसर में हलचल मच गई।

बताया जा रहा है कि जीएसटी विभाग की टीम होटल में पहुंचकर विभिन्न कागजात और वित्तीय अभिलेखों की जांच कर रही है। टीम द्वारा होटल से जुड़े दस्तावेजों को खंगाला जा रहा है और आवश्यक जानकारी जुटाई जा रही है।
फिलहाल जीएसटी विभाग की कार्रवाई जारी है। छापेमारी किस मामले को लेकर की गई है और जांच में क्या तथ्य सामने आए हैं, इसकी आधिकारिक जानकारी कार्रवाई पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।

