जोगेंद्र मावी, ब्यूरो
हरिद्वार। रोशनाबाद स्थित पुलिस कार्यालय में तैनात एक महिला कांस्टेबल ने कार्यालय में नियुक्त होमगार्ड पर छेड़छाड़ का आरोप लगाया है। आरोप है कि होमगार्ड लगातार पीछा कर परेशान कर उससे बदसलूकी की। महिला कांस्टेबल ने एसएसपी से शिकायत की। इसके बाद सिडकुल थाने में मुकदमा दर्ज कर लिया गया।
पुलिस के अनुसार, महिला कांस्टेबल ने तहरीर में बताया कि वाचक कार्यालय में नियुक्त होमगार्ड कुलदीप उसे आए दिन परेशान करता है। उसने कई बार उसे समझाने का प्रयास किया, लेकिन इसके बाद भी उसकी हरकतें बंद नहीं हुईं। आरोप लगाया कि वह जहां भी जाती है, वह उसका पीछा करता है और व्हाट्सएप पर लगातार मैसेज भेजकर उसे परेशान करता है। 22 सितंबर को वह सरकारी कार्य से डीएम कार्यालय स्थित पोस्ट ऑफिस गई थी। आरोप है कि होमगार्ड उसका पीछा करते हुए वहां भी पहुंच गया और उसका हाथ पकड़कर बदसलूकी करने लगा। इसी दौरान वहां मौजूद एक व्यक्ति ने महिला से परेशानी के बारे में पूछा। आरोप है कि व्यक्ति के पहुंचते ही होमगार्ड ने उसका हाथ छोड़ दिया। इसके बाद वहां से भागकर वापस आ गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *