जोगेंद्र मावी, ब्यूरो
हरिद्वार। भूपतवाला स्थित ऐतिहासिक धार्मिक संस्था “अमेरिकन आश्रम / स्वामी देवानंद ट्रस्ट” की बहुमूल्य संपत्ति को लेकर सामने आ रही शिकायतों के संबंध में वार्ड संख्या-1 सप्तऋषि के पार्षद आकाश भाटी ने हरिद्वार विकास प्राधिकरण की उपाध्यक्ष सोनिका को ज्ञापन सौंपकर मामले की उच्च स्तरीय एवं निष्पक्ष जांच की मांग की है।
हालांकि अमेरिकन आश्रम की भूमि का एक हिस्सा 100 रुपये के स्टांप में ट्रस्ट से ट्रस्ट में तब्दील हो गई है। अब करीब 4 महीने बाद भाजपा के पार्षदों की निंद्रा टूटी है और लगातार सरकार के अधिकारियों से आश्रम का भूगोल न बदले, इसके लिए गुहार लगा रहे हैं, हालांकि पूरे प्रकरण में जांच के नाम पर अभी तक कोई प्रक्रिया शुरू नहीं हो सकी है।
पार्षद आकाश भाटी ने कहा कि स्थानीय स्तर पर ऐसी शिकायतें सामने आ रही हैं कि ट्रस्ट की भूमि पर कथित रूप से अवैध कब्जे, बिना स्वीकृत मानचित्र के निर्माण, दुकानों के निर्माण तथा अवैध कॉलोनी/प्लॉटिंग जैसी गतिविधियां की जा रही हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए संबंधित विभागों द्वारा तत्काल स्थलीय निरीक्षण एवं अभिलेखों की जांच किया जाना आवश्यक है।
ज्ञापन में विशेष रूप से अमेरिकन आश्रम से लगी लगभग 3 बीघा भूमि पर कथित कब्जे और चारदीवारी किए जाने की शिकायत का उल्लेख करते हुए भूमि के स्वामित्व, सीमांकन एवं राजस्व अभिलेखों की जांच की मांग की गई है।
पार्षद आकाश भाटी ने कहा कि यदि किसी प्रकार का निर्माण बिना सक्षम प्राधिकारी की अनुमति अथवा स्वीकृत मानचित्र के विरुद्ध पाया जाता है तो नियमानुसार सीलिंग एवं ध्वस्तीकरण सहित कठोर कार्रवाई की जानी चाहिए। साथ ही कथित अवैध कॉलोनी एवं प्लॉटिंग की जांच कर आवश्यकतानुसार निर्माण एवं विक्रय गतिविधियों पर रोक लगाने की मांग की गई है।


उन्होंने यह भी कहा कि यदि जांच के दौरान अवैध कब्जा, धोखाधड़ी, कूटरचना, अनधिकृत हस्तांतरण अथवा किसी अन्य आपराधिक कृत्य के प्रमाण सामने आते हैं तो संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध नियमानुसार एफआईआर दर्ज कराने की कार्रवाई की जानी चाहिए।
“धार्मिक एवं ऐतिहासिक संपत्ति की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता”
आकाश भाटी ने कहा, “यह मामला केवल एक भूमि का विषय नहीं है, बल्कि धार्मिक एवं ऐतिहासिक महत्व से जुड़ी संपत्ति की सुरक्षा का विषय है। यदि समय रहते जांच और कार्रवाई नहीं हुई तो भविष्य में स्थिति और गंभीर हो सकती है। किसी भी व्यक्ति को नियमों का उल्लंघन कर धार्मिक ट्रस्ट की संपत्ति पर कब्जा करने या अवैध निर्माण करने की अनुमति नहीं दी जानी चाहिए।”
उन्होंने मांग की कि पूरे प्रकरण में राजस्व विभाग, हरिद्वार विकास प्राधिकरण एवं संबंधित अन्य विभागों के अभिलेखों का मिलान कर निष्पक्ष जांच कराई जाए। यदि किसी अधिकारी या कर्मचारी की लापरवाही अथवा मिलीभगत सामने आती है तो उसके विरुद्ध भी विभागीय कार्रवाई की जाए।
किसान मोर्चा मंडल अध्यक्ष शिव कुमार ने प्रशासन से आग्रह किया कि स्थल का तत्काल निरीक्षण, सीमांकन एवं निर्माणों की वैधता की जांच कराकर धार्मिक ट्रस्ट की संपत्ति को सुरक्षित किया जाए तथा दोषी पाए जाने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध कानून के अनुसार कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
उपस्थित गणमान्य जन
इस अवसर पर मंडल अध्यक्ष शिव कुमार सैनी, एडवोकेट अंकित कुमार, धर्मशाला प्रबंधक समिति के महामंत्री मनोज बिष्ट सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *