जोगेंद्र मावी, ब्यूरो
हरिद्वार। कुंभ मेला के पुलिस महानिरीक्षक डॉ योगेंद्र सिंह रावत ने सीसीआर हरिद्वार स्थित कार्यालय कक्ष में कुम्भ मेला की सुरक्षा व्यवस्था के परिप्रेक्ष्य में उत्तर रेलवे मुरादाबाद, जीआरपी एवं आरपीएफ के अधिकारियों के साथ बैठक लेते हुए आवश्यक दिशा निर्देश दिए।
गोष्ठी में कुम्भ मेला के दौरान हरिद्वार रेलवे स्टेशन पर भारी संख्या में श्रद्धालुओं के आवागमन के दृष्टिगत रेलवे यातायात योजना, रेलवे स्टेशनों पर भीड प्रबन्धन, स्टेशन प्लान, कुम्भ मेला के दौरान मुख्य स्नान पर्वों के अवसर पर मेला स्पेशल ट्रेनों के संचालन, हरिद्वार रेलवे स्टेशन पर भीड का दबाव बढने पर हरिद्वार आस-पास के रेलवे स्टेशनों पर ट्रेनों के ठहराव, यात्रियों हेतु निर्धारित होल्डिंग एरिया तथा हरिद्वार के आस-पास के रेलवे स्टेशनों पर भीड प्रबंधन के अलावा हरिद्वार से अपने गंतव्यों को जाने वाले श्रद्धालुओं को सुरक्षित रवाना करने के संबंध में रेलवे योजना एवं एसओपी की समीक्षा करते हुए रेलवे स्टेशन पर श्रद्धालुओं की सुरक्षा एवं सुविधा हेतु अन्य वैकल्पिक संसाधनों एवं व्यवस्थाओं पर विस्तार पूर्वक चर्चा की गई तथा गोष्ठी में उपस्थित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इस अवसर पर कुंभ मेला के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आयुष अग्रवाल, मुरादाबाद मंडल के वरिष्ठ मण्डल सुरक्षा आयुक्त ऋषि कुमार शुक्ला, वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबन्धक महेश यादव, एसपी रेलवे सुश्री अरूणा भारती, अपर पुलिस अधीक्षक कुम्भ मेला राजेश भट्ट, अनुज कुमार पुलिस उपधीक्षक जीआरपी उत्तराखंड उपस्थित रहे।

