जोगेंद्र मावी, ब्यूरो
राजधानी देहरादून में पुलिस ने प्रॉपर्टी डीलर को ब्लैकमेल करने पर कथित पत्रकार को गिरफ्तार किया है। आरोपी ने डायरी के पेज काटकर उसमें बनाए बॉक्स में मोबाइल रखकर सामने बैठे व्यक्ति से बातचीत कर वीडियो बनाता था। आरोपी को डीलर 50 हजार रुपये दे चुका था, लेकिन 5 लाख लेने के लिए अड़ा हुआ था।
देहरादून पुलिस ने एक फर्जी पत्रकार को ब्लैकमेल करते हुए गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार 19 अक्टूबर को आजाद कॉलोनी निवासी प्रॉपर्टी कारोबारी तनवीर खान ने शिकायत दी थी कि प्रॉपर्टी विवाद को लेकर एक व्यक्ति ने खुद को पत्रकार बताकर उन्हें फोन पर धमकाया और झूठी खबर चलाकर बर्बाद करने की धमकी देकर 5 लाख रुपये की मांग की। डर के कारण पीड़ित ने उसके बताए एक्सिस बैंक खाते (अनुज अग्रवाल के नाम) में 50 हजार रुपये डाल दिए। इसके बाद भी आरोपी पूरा पैसा न देने पर गाली-गलौज और धमकी देता रहा।
शिकायत पर थाना पटेलनगर में मुकदमा दर्ज कर टीम गठित की गई। पुलिस ने 19 अक्टूबर रात आईएसबीटी के पास से आरोपी अनुज अग्रवाल (46 वर्ष) निवासी द्वारिका पुरी, क्लेमेंट टाउन को गिरफ्तार किया।
उसके कब्जे से 3 मोबाइल फोन और एक डायरी बरामद हुई है। डायरी में मोबाइल छिपाने के लिए सीक्रेट चैंबर बना था, जिससे वह गोपनीय वीडियो बनाता था। मोबाइल में कई लोगों के ऐसे ही वीडियो मिले हैं।
आरोपी पटेलनगर का हिस्ट्रीशीटर है। उसके खिलाफ देहरादून में धोखाधड़ी, मारपीट, गैंगस्टर, गुंडा एक्ट के 9 केस दर्ज हैं। इसके अलावा मध्यप्रदेश में 4, पंजाब, ओडिशा और गुजरात में भी केस दर्ज होना सामने आया है।

