जोगेंद्र मावी, ब्यूरो
सवाल उठाने वालों पर कार्रवाई या कुछ और। कम फीस में गरीबों के बच्चों को मेधावी कर रहे खान सर ने गोलीबारी होने के बाद पढ़ाने से इंकार कर दिया है।
पटना के कदमकुआं थाना क्षेत्र में स्थित मशहूर शिक्षक खान सर की कोचिंग के पास 2 जून की देर रात अचानक फायरिंग की वारदात से इलाके में हड़कंप मच गया। आपसी रंजिश और मामूली विवाद के बाद हुई इस गोलीबारी से मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
घटना मंगलवार की देर रात करीब 10:15 से 10:30 बजे के बीच की बताई जा रही है। चश्मदीदों के अनुसार, नाश्ते की दुकान पर खड़े कुछ लड़कों के साथ खान सर के गार्ड की किसी बात को लेकर बहस शुरू हो गई, देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि बात हाथापाई तक पहुंच गई।
नाश्ते की दुकान पर हुआ था विवाद
स्थानीय लोगों से मिली जानकारी के मुताबिक, खान सर के कोचिंग कैंपस के अंदर उनका एक ब्लड सेंटर है, जबकि बाहर नाश्ते की एक दुकान स्थित है। इस नाश्ते की दुकान पर अक्सर लड़कों की भारी भीड़ जुटी रहती है। भीड़-भाड़ और सुरक्षा कारणों को लेकर पहले भी कई बार खान सर के सुरक्षाकर्मियों और स्थानीय लड़कों के बीच कहासुनी हो चुकी है।

चर्चित यूट्यूबर और शिक्षक खान सर ने आज अपने कोचिंग में पढ़ाने से इनकार कर दिया है। उन्होंने बुधवार सुबह घोषणा की है कि आज वह क्लास नहीं ले पाएंगे। आज पढ़ाई नहीं होगी। आपलोग शांति बनाएं रखें। पुलिस से अपील है कि वह जल्द से जल्द कार्रवाई करे। खान सर ने पुलिस और प्रशासन की कार्रवाई पर संतोष जताया है। उन्होंने कहा कि सुरक्षा के लिए पूरी रात बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी तैनात रहे। उन्होंने कहा कि अब तक की पुलिस कार्रवाई से वे संतुष्ट हैं। उन्होंने बताया कि उनकी सुरक्षा के लिए पूरी रात 50 से 60 पुलिसकर्मी तैनात रहे। सुरक्षा उपलब्ध कराने के लिए मैं प्रशासन का धन्यवाद करता हूं।
खान सर ने फायरिंग के बाद क्या कहा था?
बता दें कि दो जून की रात पटना के कदमकुआं थाना क्षेत्र में स्थित खान सर की कोचिंग के पास अचानक फायरिंग से इलाके में हड़कंप मच गया। आपसी रंजिश और मामूली विवाद के बाद हुई इस गोलीबारी से मौके पर अफरातफरी मच गई थी। खान सर ने कहा कि सबसे बड़ी समस्या यही है कि हम इतनी कम फीस में बच्चों को क्यों पढ़ा रहे हैं और हमारी कोचिंग से इतने सारे छात्र परीक्षाओं में पास क्यों हो रहे हैं? जब हजारों गरीब बच्चे कामयाब होने लगते हैं, तो कुछ असामाजिक तत्वों को डर लगने लगता है। उन्हें लगता है कि वे हमें डरा-धमका कर चुप करा देंगे।
