जोगेंद्र मावी, ब्यूरो
हरिद्वार। एचआरडीए ने एक बड़ी अवैध कॉलोनी के साथ व्यवसायिक निर्माण को सील किया है। एचआरडीए ने सील करते हुए कॉलोनाइजर एवं अवैध निर्माणकर्ता को चेतावनी दी है कि सील तोड़कर कार्य किया तो कानूनी कार्रवाई होगी।
हरिद्वार — रुड़की विकास प्राधिकरण की उपाध्यक्ष सोनिका के निर्देश पर विभागीय टीम ने रुड़की तहसील क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई की है। एचआरडीए के सचिव मनीष कुमार सिंह ने बताया कि रुड़की के नया बाईपास बेलडा में पेट्रोल पम्प के पीछे अजय सैनी की लगभग 30 से 40 बीघा के क्षेत्रफल में विकसित की जा रही है, जोकि प्राधिकरण से अप्रूव्ड नहीं कराई गई थी। जिसमें ध्वस्तीकरण करते हुए सील कर दिया है। वहीं, रुड़की के दिल्ली मुख्य मार्ग मांडवली में संजय द्वारा लगभग 20′ गुणा 100′ के क्षेत्रफल में निर्माण किया जाता मिला, जिसे सील कर दिया।

सचिव मनीष कुमार सिंह ने बताया कि अनाधिकृत कॉलोनी के विरूद्ध अधिनियम की सुसंगत धाराओं के अन्तर्गत कार्यवाही करते हुए वाद योजित किया गया है। स्थल पर निरंतर निर्देशों के बावजूद भी अनाधिकृत निर्माणकर्ता द्वारा स्थल पर निर्माण कार्य बंद ना करने के कारण प्राधिकरण टीम द्वारा अवैध कॉलोनी को ध्वस्त किया गया तथा मौके पर उपस्थित अनाधिकृत निर्माणकर्ता को स्वीकृत कराए बिना निर्माण कार्य ना किया जाने के लिए निर्देशित किया गया।

