जोगेंद्र मावी, ब्यूरो
टाइगर रिजर्व के सुरही रेंज के रेंजर और डिप्टी रेंजर 50000 रुपए रिश्वत लेते हुए पकड़े गए। फरियादी की शिकायत के मुताबिक चालान जल्द पेश करने और जब्त वाहन को वापस करने के एवज में रिश्वत की मांग की गई थी। शिकायत मिलने पर एसीबी /आर्थिक अपराध अन्वेषण ब्यूरो बिलासपुर द्वारा कार्रवाई की गई। कार्रवाई के दौरान अचानकमार टाइगर रिजर्व के सुरही रेंज के रेंजर पल्लव नायक और डिप्टी रेंजर मनीष श्रीवास्तव को 50000 रुपये रिश्वत लेते रंगेहाथों पकड़ा गया.
रेंजर और डिप्टी रेंजर 50 हजार की रिश्वत लेते गिरफ्तार
एसीबी बिलासपुर में फरियादी की ओर से रिश्वत मांगे जाने की शिकायत की गई थी। शिकायत में कहा गया था कि दिसंबर 2025 में वह अपने साथियों के साथ सुरही रेंज में चार पहिया वाहन लेकर घूमने गया था, जहां पर अपराधिक कृत्य के आरोप में उसके तथा उसके अन्य साथियों के विरुद्ध वन विभाग द्वारा कार्रवाई की गई थी। कार्रवाई के दौरान उसकी गाड़ी को भी जब्त कर लिया गया था।
आरोपियों ने की पैसों की मांग, पीड़ित ने की एसीबी से शिकायत
आरोपी ने बताया कि जेल से जमानत पर छूटने के बाद इस प्रकरण में जल्द चालान पेश करने के लिए सुरही रेंज के डिप्टी रेंजर मनीष श्रीवास्तव से मिला। आरोप है कि आरोपियों ने उसे गुमराह करते हुए कोर्ट कचहरी में लाखों रुपए खर्च होने की बात कहकर डराया। फिर गाड़ी छोड़ने के एवज में 70 हजार रुपए का खर्च भी बताया। पीड़ित रकम देना नहीं चाहता था लिहाजा उसने इसकी शिकायत एसीबी टीम से की। जिसके बाद टीम ने सुनियोजित तरीके से आरोपियों को रिश्वत की रकम लेते गिरफ्तार किया गया।
जांच टीम ने प्रार्थी से ली गई राशि 50000 रुपए को आरोपी मनीष श्रीवास्तव से बरामद कर लिया। एसीबी के द्वारा आरोपी मनीष श्रीवास्तव के विरुद्ध धारा 7 और आरोपी पल्लव नायक के विरुद्ध धारा 7,12 भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 1988 के तहत कार्रवाई की जा रही है।

