जोगेंद्र मावी, ब्यूरो
हरिद्वार। राज्यसभा सांसद नरेश बंसल की सीट पर चुनाव की घोषणा हो गई है। हालांकि कांग्रेस के पास सीट पर जीतने के लिए समीकरण नहीं है, इसलिए सीट भाजपा के खाते में जाएगी। सीधे समीकरण होने के चलते हुए कई नेताओं ने दावेदारी करने के लिए दिल्ली की दौड़ लगानी तय कर दी है। हालांकि हरिद्वार जिले के भी कई नेता चाहते है कि वे राज्यसभा पहुंच जाए।
उत्तराखंड में राज्यसभा की एक सीट के लिए चुनाव का एलान हो गया है। चुनाव आयोग ने राज्यसभा की 11 सीटों के लिए द्विवार्षिक चुनाव का कार्यक्रम घोषित किया है। इसमें उत्तराखंड की एक सीट के साथ उत्तर प्रदेश की 10 सीटें शामिल हैं। इन सीटों पर मौजूदा सदस्यों का कार्यकाल पूरा होने के बाद नवंबर में सीटें खाली होंगी। इसके अलावा पश्चिम बंगाल में खाली हुई राज्यसभा की एक सीट के लिए उपचुनाव भी कराया जाएगा।

उत्तराखंड की एक सीट पर होने वाले चुनाव के लिए अब 29 सितंबर से औपचारिक चुनाव प्रक्रिया शुरू हो जाएगी। उम्मीदवारों के नामांकन, नाम वापसी और मतदान के बाद 16 अक्टूबर की शाम को परिणाम की तस्वीर भी साफ हो जाएगी।
उत्तराखंड में राज्यसभा सांसद नरेश बंसल का कार्यकाल 25 नवंबर को पूरा हो रहा है। चुनाव आयोग की ओर से जारी कार्यक्रम के मुताबिक उत्तराखंड की राज्यसभा सीट के लिए चुनाव प्रक्रिया 29 सितंबर से शुरू होगी। इसी दिन चुनाव का नोटिफिकेशन जारी किया जाएगा। इसके बाद उम्मीदवारों के नामांकन की प्रक्रिया शुरू होगी। नामांकन दाखिल करने की अंतिम तारीख 6 अक्तूबर निर्धारित की गई है।
नौ अक्तूबर तक अपना नाम वापस ले सकेंगे उम्मीदवार
नामांकन पत्रों की जांच 7अक्तूबर को होगी। इसके बाद उम्मीदवार 9 अक्तूबर तक अपना नाम वापस ले सकेंगे। चुनाव कार्यक्रम के मुताबिक 16 अक्तूबर को मतदान कराया जाएगा। मतदान सुबह 9 बजे से शाम 4 बजे तक चलेगा। मतदान समाप्त होने के बाद उसी दिन शाम 5 बजे से मतगणना शुरू की जाएगी।
