जोगेंद्र मावी, ब्यूरो
विदेश में डॉक्टरी कर रहे उत्तराखंड के चमोली के थराली विकासखंड के गांव कुलसरी के एक युवक ने अज्ञात कारणों के चलते आत्महत्या कर ली। खास बात यह है कि युवक की शादी महज दो दिन बाद होने वाली थी। इस घटना से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है।
25 अप्रैल शनिवार को कुलसारी निवासी 30 वर्षीय आदित्य जोशी पुत्र हरीश चंद्र जोशी मूल निवासी विजयपुर, हाल निवासी पीपलगैर (कुलसारी) ने अपने घर में जीवन समाप्त कर ली। परिवारजनों द्वारा आदित्य को कमरे में मृत अवस्था में पाया तो हड़कंप मच गया। परिजनों ने घटना की सूचना पुलिस को डायल 112 के माध्यम से दी।
थानाध्यक्ष विनोद चौरसिया के अनुसार, सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। फिलहाल आत्महत्या के कारणों का पता नहीं चल पाया है और पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।
बताया जा रहा है कि मृतक आदित्य जोशी विदेश में डॉक्टर के रूप में कार्यरत था और अपनी शादी के लिए कुछ दिन पहले ही घर लौटा था। परिवार में शादी की तैयारियां जोर-शोर से चल रही थी। कई नाते रिश्तेदार भी वैवाहिक कार्यक्रम में शामिल होने के लिए पहुंचने लगे थे, लेकिन इस अप्रत्याशित घटना ने खुशियों को मातम में बदल दिया।
घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। जिस घर में दो दिन बाद शहनाइयां बजने वाली थीं। वहां अब सन्नाटा पसरा हुआ है। इस घटना से पूरे क्षेत्र में गहरा शोक और स्तब्धता का माहौल है। थानाध्यक्ष विनोद चौरसिया का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और जल्द ही घटना के पीछे के कारणों का खुलासा किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *