ब्यूरो रिपोर्ट
भाजपा के एक नेता पर युवती ने ब्लैकमेल करने, पीछा करने और धमकी देने का आरोप लगाया है। 20 वर्षीय युवती ने भाजपा मंडल उपाध्यक्ष रामजी तिवारी पर अश्लील फोटो-वीडियो के जरिए दबाव बनाने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामला कानपुर के चकेरी थाना क्षेत्र का है।
दो साल पहले शुरू हुआ था प्रेम संबंध
पीड़िता के अनुसार, करीब दो साल पहले उसकी आरोपी से जान-पहचान हुई थी, जिसके बाद दोनों के बीच प्रेम संबंध बन गए। युवती का आरोप है कि आरोपी ने रिश्ते का फायदा उठाते हुए उसकी निजी तस्वीरें और वीडियो अपने पास रख लिए। बाद में उन्हीं के जरिए उसे मानसिक रूप से प्रताड़ित करने लगा।
युवती ने आरोप लगाया कि आरोपी भाजपा नेता होने और बड़े नेताओं से संपर्क होने का दबाव बनाता था। इसी कारण पहले की गई दो शिकायतों पर कोई कार्रवाई नहीं हुई।
संबंध बनाए रखने का दबाव, विरोध पर धमकी
पीड़िता का कहना है कि आरोपी उस पर जबरन संबंध बनाए रखने का दबाव डाल रहा था। विरोध करने पर वह अश्लील फोटो और वीडियो वायरल करने की धमकी देता था। युवती ने यह भी आरोप लगाया कि आरोपी उसका पीछा करता था और कई बार रास्ते में रोककर धमकाता था।
मेडिकल स्टोर जाते समय स्कूटी से मारी टक्कर
युवती के मुताबिक, 23 मई को वह अपनी मां के लिए दवा लेने मेडिकल स्टोर जा रही थी। इसी दौरान आरोपी ने उसका रास्ता रोक लिया। जब उसने विरोध किया और पुलिस में शिकायत करने की बात कही, तो आरोपी ने स्कूटी से टक्कर मार दी। हादसे में युवती घायल हो गई और उसे चोटें आईं।
पुलिस बोली- आरोपी की तलाश जारी
चकेरी थाना प्रभारी अजय प्रकाश मिश्र ने बताया कि युवती की तहरीर पर संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। आरोपी की तलाश की जा रही है। जल्द ही उसे गिरफ्तार कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *