जोगेंद्र मावी, ब्यूरो
हरिद्वार। एसएमजेएन (पीजी) कॉलेज, हरिद्वार में उच्च शिक्षा के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण एवं ऐतिहासिक अध्याय जुड़ गया जब महाविद्यालय परिसर में उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय (UOU) के क्षेत्रीय कार्यालय का विधिवत उद्घाटन किया गया। इस अवसर पर महाविद्यालय परिसर में विद्यार्थियों में अध्ययन एवं पठन-पाठन की संस्कृति को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से एक विशाल पुस्तक मेले का भी आयोजन किया गया। इस अवसर पर उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. नवीन चंद्र लोहनी सहित विश्वविद्यालय के अनेक पदाधिकारी, अधिकारी एवं शिक्षाविद उपस्थित रहे। कार्यक्रम में अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद के अध्यक्ष एवं एसएमजेएन पीजी कॉलेज प्रबंध समिति के अध्यक्ष श्रीमहंत डॉ. रविन्द्र पुरी महाराज की गरिमामयी उपस्थिति ने समारोह की भव्यता बढ़ाई। इस अवसर पर सहायक क्षेत्रीय निदेशक बृजेश बनकोटी, सहायक निदेशक, क्षेत्रीय सेवाएं, डॉ. एमएम जोशी , निदेशक, क्षेत्रीय सेवाएँ, डॉ. गिरिजा पांडे भी उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा दीप प्रज्वलन एवं मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण के साथ हुआ। महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. डॉ. सुनील कुमार बत्रा ने कुलपति प्रो. नवीन चंद्र लोहनी एवं उपस्थित अतिथियों का स्वागत करते हुए कहा कि एसएमजेएन महाविद्यालय परिसर में उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय के क्षेत्रीय कार्यालय की स्थापना से विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा के अधिक व्यापक अवसर प्राप्त होंगे। उन्होंने कहा कि मुक्त एवं दूरस्थ शिक्षा उन विद्यार्थियों के लिए विशेष रूप से उपयोगी है, जो किसी कारणवश नियमित रूप से महाविद्यालय में अध्ययन नहीं कर पाते। प्रो बत्रा ने कहा कि उच्च शिक्षा के क्षेत्र में उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय की भूमिका निरंतर विस्तृत हो रही है तथा हरिद्वार में क्षेत्रीय कार्यालय के माध्यम से विद्यार्थियों को प्रवेश, अध्ययन, परीक्षा, परामर्श एवं अन्य शैक्षणिक सुविधाएं अपने निकट उपलब्ध हो सकेंगी। महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. डॉ. सुनील कुमार बत्रा ने कहा कि क्षेत्रीय कार्यालय के प्रारंभ होने से न केवल उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय से जुड़े विद्यार्थियों को लाभ मिलेगा, बल्कि हरिद्वार एवं आसपास के क्षेत्रों में उच्च शिक्षा के अवसरों का भी विस्तार होगा। उन्होंने कहा कि महाविद्यालय भविष्य में भी विद्यार्थियों के हित में ऐसे शैक्षणिक एवं ज्ञानवर्धक कार्यक्रमों को निरंतर प्रोत्साहित करता रहेगा और महाविद्यालय विद्यार्थियों को कौशल संवर्धन तथा तकनीकी विकास के नए अवसर प्रदान कर सकेगा।

इस अवसर पर उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. नवीन चंद्र लोहनी ने अपने संबोधन में कहा कि विश्वविद्यालय का मूल उद्देश्य उच्च शिक्षा को अधिकाधिक विद्यार्थियों तक पहुंचाना है। हरिद्वार में क्षेत्रीय कार्यालय के माध्यम से विश्वविद्यालय की शैक्षणिक गतिविधियों को और अधिक प्रभावी बनाया जा सकेगा तथा साथ ही विद्यार्थियों की शैक्षणिक एवं प्रशासनिक समस्याओं के समाधान में सुविधा होगी। उन्होंने कहा कि यह क्षेत्रीय कार्यालय शिक्षा को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। उन्होंने कहा कि तकनीकी एवं डिजिटल संसाधनों के साथ-साथ पुस्तकों और गुणवत्तापूर्ण अध्ययन सामग्री की उपलब्धता विद्यार्थियों की शैक्षणिक प्रगति के लिए अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने एसएमजेएन महाविद्यालय के सहयोग की सराहना करते हुए कहा कि दोनों संस्थानों के बीच शैक्षणिक समन्वय को और अधिक मजबूत किया जाएगा।

इस अवसर पर श्रीमहंत डॉ. रविन्द्र पुरी महाराज, अध्यक्ष, अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद एवं अध्यक्ष, कॉलेज प्रबंध समिति ने कहा कि शिक्षा ही समाज और राष्ट्र के निर्माण का सबसे सशक्त माध्यम है। उन्होंने कहा कि संत परंपरा सदैव ज्ञान, शिक्षा और संस्कारों के प्रसार की पक्षधर रही है। उन्होंने कहा कि एस.एम.जे.एन. महाविद्यालय परिसर में उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय का क्षेत्रीय कार्यालय प्रारंभ होना हरिद्वार के लिए गौरव का विषय है। उन्होंने विद्यार्थियों से पुस्तकों को अपना मित्र बनाने तथा शिक्षा के साथ संस्कार एवं सामाजिक उत्तरदायित्व को जीवन का हिस्सा बनाने का आह्वान किया। उन्होंने विशेष रूप से विशाल पुस्तक मेले एवं विद्यार्थियों को निःशुल्क पुस्तकों के वितरण की पहल की सराहना करते हुए कहा कि पुस्तकें केवल ज्ञान का माध्यम नहीं बल्कि व्यक्ति के व्यक्तित्व निर्माण और समाज के विकास का आधार हैं। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों तक अच्छी पुस्तकें पहुंचाना वास्तव में भविष्य की पीढ़ी को मजबूत बनाने की दिशा में निवेश है। श्रीमहंत डॉ. रविन्द्र पुरी महाराज ने उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय की शैक्षणिक गतिविधियों एवं क्षेत्रीय कार्यालय की भूमिका पर प्रकाश डालते हुए कहा कि हरिद्वार क्षेत्र में विश्वविद्यालय से जुड़े विद्यार्थियों की संख्या को देखते हुए यह केंद्र महत्वपूर्ण आवश्यकताओं की पूर्ति करेगा। उन्होंने विद्यार्थियों को विश्वविद्यालय द्वारा संचालित विभिन्न पाठ्यक्रमों एवं सुविधाओं का अधिकाधिक लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया।

इस अवसर पर निदेशक, क्षेत्रीय सेवाएँ, डॉ. गिरिजा पांडे ने कहा कि आज के बदलते शैक्षणिक परिवेश में शिक्षा के साथ-साथ विद्यार्थियों को लचीले एवं वैकल्पिक अध्ययन के अवसर उपलब्ध कराना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय दूरस्थ शिक्षा के माध्यम से विभिन्न वर्गों के विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा से जोड़ने का निरंतर प्रयास कर रहा है। उन्होंने आशा व्यक्त की कि यह क्षेत्रीय कार्यालय विद्यार्थियों की आवश्यकताओं के अनुरूप प्रभावी शैक्षणिक सहायता केन्द्र के रूप में कार्य करेगा। इस अवसर पर सहायक निदेशक, क्षेत्रीय सेवाएँ, डॉ. एम.एम. जोशी ने कहा कि क्षेत्रीय कार्यालय के माध्यम से विश्वविद्यालय की विभिन्न शैक्षणिक एवं प्रशासनिक सेवाओं की जानकारी और आवश्यक मार्गदर्शन स्थानीय स्तर पर उपलब्ध हो सकेगा। उन्होंने एस.एम.जे.एन. पी.जी. कॉलेज में क्षेत्रीय कार्यालय की स्थापना को विद्यार्थियों और उच्च शिक्षा के विस्तार की दृष्टि से उपयोगी पहल बताया। इस अवसर पर सहायक क्षेत्रीय निदेशक श्री बृजेश बनकोटी ने कहा कि क्षेत्रीय स्तर पर विद्यार्थियों की शैक्षणिक समस्याओं का त्वरित समाधान, प्रवेश, परीक्षा, अध्ययन सामग्री तथा अन्य अकादमिक गतिविधियों से संबंधित मार्गदर्शन उपलब्ध कराने में यह कार्यालय महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। उन्होंने विद्यार्थियों से मुक्त एवं दूरस्थ शिक्षा के अवसरों का अधिक से अधिक लाभ उठाने का आह्वान किया।

कार्यक्रम का विशेष आकर्षण महाविद्यालय परिसर में आयोजित विशाल पुस्तक मेला रहा। पुस्तक मेले में विभिन्न विषयों से संबंधित पुस्तकों का समृद्ध संग्रह प्रदर्शित किया गया। विद्यार्थियों ने बड़ी संख्या में पुस्तक मेले का अवलोकन किया और विशेष उत्साह के साथ सहभागिता करते हुए अपनी रुचि के अनुरूप पुस्तकों का चयन किया। आयोजन के दौरान विद्यार्थियों को निःशुल्क पुस्तकें वितरित की गईं, जिससे उनमें विशेष उत्साह देखने को मिला। विद्यार्थियों ने कहा कि डिजिटल माध्यमों के बढ़ते प्रभाव के बावजूद पुस्तकों का महत्व आज भी कायम है। उन्होंने कहा कि निःशुल्क पुस्तकें मिलने से उन्हें अपनी पढ़ाई के लिए उपयोगी सामग्री उपलब्ध हुई है और जिससे नियमित अध्ययन की आदत को भी बढ़ावा मिलेगा।

कार्यक्रम के अंत में महाविद्यालय में चल रहे उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय के अध्ययन केंद्र के समन्वयक डॉ शिवकुमार चौहान ने कुलपति प्रो. नवीन चंद्र लोहनी, श्रीमहंत डॉ. रविन्द्र पुरी महाराज, विश्वविद्यालय के सभी अधिकारियों, महाविद्यालय प्रबंध समिति, प्राचार्य, शिक्षकगण, कर्मचारियों, विद्यार्थियों तथा पुस्तक मेले के आयोजन से जुड़े सभी सहयोगियों का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय के अधिकारीगण, एसएमजेएन पीजी कॉलेज के शिक्षकगण, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे। क्षेत्रीय कार्यालय के उद्घाटन एवं विशाल पुस्तक मेले के आयोजन ने महाविद्यालय परिसर को ज्ञान, शिक्षा एवं अध्ययन के उत्सव में परिवर्तित कर दिया।
इस अवसर पर प्रो विनय थपलियाल, डॉ मनोज कुमार सोही, वैभव बत्रा, डॉ पूर्णिमा सुंदरियाल, विनीत सक्सेना, डॉ विजय शर्मा, डॉ पल्लवी, डॉ मीनाक्षी शर्मा, जोगेंद्र मावी, डॉ योगेश सिंघल, तारा सिंह, रुचिता सक्सेना, कार्यालय अधीक्षक मोहन चन्द्र पाण्डेय सहित अनेक छात्र छात्राएं उपस्थित रहे।

