1. जोगेंद्र मावी, ब्यूरो

हरिद्वार। शहर  कोतवाली क्षेत्र के मायापुर में पुरानी रंजिश में हुई फायरिंग में फरार चल रहे मुख्य आरोपित लक्की को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। एक आरोपित को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है। अब दो अन्य आरोपितों की तलाश की जा रही है। लक्की को कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया गया है।
पुलिस के मुताबिक, मायापुर क्षेत्र में फायर ब्रिगेड के पास वाल्मीकि बस्ती में बीते शुक्रवार रात कुछ युवकों ने आर्यन उर्फ अंश के घर के बाहर पहुंचकर उसे ललकारा। अंश और उसकी पत्नी केशर आवाज सुनकर बाहर निकले। आरोपितों ने फायर झोंक दिया। जैसे ही अशं की पत्नी मुड़कर घर के अंदर जाने लगी, उसके कूल्हे पर गोली लग गई। जबकि अंश बाल-बाल बच गया। फायरिंग से अफरा-तफरी मच गई और आरोपित फरार हो गए। गंभीर हालत में विवाहिता को एम्स ऋषिकेश रेफर किया गया था। इस मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपित लक्की के साथी कबीर निवासी गंगा आर्यनगर जलालाबाद थानाभवन जिला शामली उत्तर प्रदेश को गिरफ्तार किया था। पूछताछ में सामने आया कि लक्की और आर्यन उर्फ अंश के बीच पुरानी रंजिश चली आ रही है। टशन बढ़ने पर आरोपितों ने हमला किया था। शहर कोतवाल कुंदन सिंह राणा ने बताया कि दबिश के दौरान रात में एक टीम ने मुख्य आरोपित लक्की निवासी राजीव बस्ती, हरिद्वार को टिबडी रोड की तरफ जाते हुए गिरफ्तार कर लिया। उसके कब्जे से 315 बोर का तमंचा भी बरामद किया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *