ब्यूरो रिपोर्ट
देहरादून पुलिस ने राजपुर थाना क्षेत्र में एक वर्ष पूर्व हुए चर्चित हत्याकांड का बड़ा खुलासा करते हुए 25 हजार रुपये की इनामी अभियुक्ता हुमेरा उर्फ जोया को सहारनपुर से गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार, मृतक के सौतेले भाई ने ही प्रॉपर्टी विवाद के चलते अपने भाई की हत्या की सुपारी दी थी।
देहरादून पुलिस पहले ही इस मामले में उत्तर प्रदेश के शार्प शूटर राजन उर्फ जैकी को गिरफ्तार कर चुकी थी। पूछताछ में राजन ने खुलासा किया था कि उसने अपनी प्रेमिका हुमेरा उर्फ जोया के साथ मिलकर अजय भटेजा की हत्या की थी।
26 मई 2025 को जाखन स्थित कृष्णा विहार में अजय भटेजा की हत्या हुई थी। मामले में दर्ज मुकदमे की जांच के दौरान मोबाइल सर्विलांस, सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर तंत्र की मदद से पुलिस आरोपियों तक पहुंची। 23 मई 2026 को फरार चल रही अभियुक्ता हुमेरा को सहारनपुर से गिरफ्तार किया गया।
पूछताछ में सामने आया कि मृतक अजय भटेजा और उसके भाई अमित भटेजा के बीच संपत्ति को लेकर विवाद चल रहा था। अमित ने कथित तौर पर राजन को हत्या की सुपारी दी थी और बदले में जाखन स्थित प्रॉपर्टी में हिस्सा देने का वादा किया था।
योजना के तहत आरोपी देहरादून पहुंचे और अजय के घर पर रुके। पहले उसे शराब पिलाकर संपत्ति के कागजात लेने की कोशिश की गई, लेकिन असफल रहने पर राजन ने तकिये से मुंह दबाकर उसकी हत्या कर दी। पुलिस के अनुसार, हुमेरा भी घटना के दौरान मौजूद थी और उसने साक्ष्य मिटाने में मदद की। दोनों ने हत्या को आत्महत्या दिखाने के लिए शव को पंखे से लटकाने का प्रयास भी किया, लेकिन सफल नहीं हुए।
घटना के बाद कमरे की सफाई कर सबूत मिटाए गए और सीसीटीवी डीवीआर व दस्तावेज भी साथ ले जाए गए। फिलहाल पुलिस मामले में अन्य आरोपियों और पूरे षड्यंत्र की गहराई से जांच कर रही है।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *