जोगेंद्र मावी, ब्यूरो
हरिद्वार। 56 करोड़ के भूमि खरीद घोटाले में विजिलेंस हरिद्वार पहुंच गई है, भूमि घोटाले की जांच में विजिलेंस ने कार्रवाई तेज कर दी है। मुकदमा दर्ज होने के बाद शुक्रवार को विजिलेंस की टीम ने आईएएस अधिकारी समेत अन्य आरोपित अधिकारियों और कर्मचारियों के ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की।
दिल्ली, लखनऊ, प्रयागराज, हरिद्वार समेत नौ अलग-अलग स्थानों पर कार्रवाई की गई। टीम ने दस्तावेजों और अन्य साक्ष्यों को खंगालते हुए जांच के लिए महत्वपूर्ण रिकॉर्ड जुटाए।
बताया जा रहा है कि भूमि घोटाले से जुड़े साक्ष्य जुटाने और वित्तीय लेनदेन की कड़ियां खंगालने के लिए यह कार्रवाई की गई है। विजिलेंस की अलग-अलग टीमें सुबह से ही संबंधित ठिकानों पर पहुंचीं और कई घंटे तक जांच-पड़ताल करती रहीं। अधिकारियों से जुड़े दस्तावेज, डिजिटल रिकॉर्ड और अन्य महत्वपूर्ण सामग्री भी खंगाली गई।
विजिलेंस अधिकारियों का कहना है कि जांच निष्पक्ष और साक्ष्यों के आधार पर आगे बढ़ाई जा रही है। छापेमारी के दौरान जुटाए गए दस्तावेजों और अन्य साक्ष्यों का परीक्षण किया जाएगा, जिसके बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। नगर निगम भूमि घोटाले में विजिलेंस की इस कार्रवाई से प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मचा हुआ है। जिन किसानों की भूमि खरीदी गई थी, और जिन खातों में लेनदेन हुआ था उनकी भी जांच विजिलेंस करेगी।

