जोगेंद्र मावी, ब्यूरो

हरिद्वार। जिस हरिद्वार हाइवे पर एक जनवरी की रात को हरियाणा के चार पर्यटकों की मौत हुई थी, उसी पर रघुनाथ मॉल के पीछे बाईपास पर दो छात्रों की सड़क दुर्घटना में मौत हो गई । एक ग्यारहवीं का छात्र, जबकि दूसरा बीकॉम का छात्र था। कोहरे के कारण सड़क पर पड़े दोनों छात्रों के ऊपर अज्ञात वाहन उन्हें रौंदता हुआ चला गया। घटना हरिद्वार के बहादराबाद थाना क्षेत्र की है।

माना जा रहा है कि किसी अज्ञात वाहन की चपेट में आने के कारण उनकी बाइक का संतुलन बिगड़ गया। हादसे में 17 वर्षीय उद्दीयन चौहान की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 20 वर्षीय सार्थक सैनी को गंभीर हालत में अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

पुलिस के अनुसार, उद्दीयन्त चौहान निवासी बौंग्ला, बहादराबाद 11वीं कक्षा का छात्र था। शुक्रवार को वह अपने दोस्त सार्थक सैनी के साथ बाइक पर जा रहा था। सार्थक सैनी, निवासी शक्तिनगर, बहादराबाद, कनखल स्थित एचईसी कॉलेज में बीकॉम का छात्र था। रघुनाथ रेजिडेंसी के पास बाईपास पर उनकी बाइक स्लिप हो गई। हादसे के बाद राहगीरों ने सार्थक को पास के मैक्सवेल अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। उद्दीयन के पिता भास्कर चौहान प्रॉपर्टी डीलर हैं, जबकि सार्थक के पिता जितेंद्र सैनी सिडकुल की टेलिबॉस कंपनी में नौकरी करते हैं। हादसे की खबर के बाद दोनों परिवारों में मातम छा गया है। बहादराबाद थानाध्यक्ष नरेश राठौड़ ने बताया कि हादसे का कारण स्पष्ट नहीं हो पाया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और हादसे के लिए जिम्मेदार वाहन की तलाश की जा रही है।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *