ब्यूरो रिपोर्ट
सीबीआई ने परिवार के साथ लौटते समय शार्प शूटर को गिरफ्तार कर लिया। पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी के निजी सहायक चंद्रनाथ रथ की हत्या के मामले में केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) ने बड़ी सफलता हासिल की है। सीबीआई ने हरिद्वार से लौटते समय बलिया के शार्प शूटर राजकुमार सिंह को गिरफ्तार कर लिया है। छपार क्षेत्र में टोल प्लाजा के निकट से उसे पकड़ा गया। ट्रांजिट रिमांड के लिए सीबीआई सीजेएम कोर्ट पहुंच गई है।
पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी के निजी सहायक (PA) चंद्रनाथ रथ की उत्तर 24 परगना के मध्यमग्राम में हमलावरों ने गोली मारकर निर्मम हत्या कर दी थी। इस मामले की जांच सीबीआई कर रही है।
सीबीआई की जांच में बलिया के रातोपुर निवासी राजकुमार सिंह का नाम सामने आया था। राजकुमार अपने परिवार के साथ सोमवार तड़के हरिद्वार से वापस लौट रहा था। सीबीआई की टीम ने पहले से ही मुजफ्फरनगर स्थित टोल प्लाजा पर डेरा डाल रखा था। इसके बाद छपार पुलिस के सहयोग से आरोपी राजकुमार को दबोच लिया गया।
काफी देर तक आरोपी से पूछताछ की गई, जिससे घटना के तार जुड़ते हुए नजर आ रहे हैं। सीबीआई के सीओ राजेश कुमार आरोपी के रिमांड के लिए कोर्ट पहुंचे है। पश्चिम बंगाल में हुए इस हाई-प्रोफाइल हत्याकांड ने काफी सुर्खियां बटोरी थीं। जांच एजेंसी इस हत्याकांड से जुड़े अन्य पहलुओं और संभावित साजिशकर्ताओं का पता लगाने का प्रयास कर रही है। इस गिरफ्तारी से मामले में नए खुलासे होने की उम्मीद है।
पीए— चंद्रनाथ रथ का फाइल फोटो