जोगेंद्र मावी, ब्यूरो
हरिद्वार। परिवहन कैबिनेट मंत्री प्रदीप बत्रा ने कहा कि हरेला पर्व हमारी संस्कृति और प्रकृति के प्रति समर्पण का प्रतीक है। उन्होंने हरेला पर हरियाली के लिए पौधारोपण उनका पालन पोषण करने का संकल्प दोहराया। उन्होंने कहा कि नगर पालिका अध्यक्ष राजीव शर्मा के नेतृत्व में पर्यावरण संरक्षण एवं जनहित के लिए लगातार सराहनीय कार्य किए जा रहे हैं। हरेला के अवसर पर आयोजित यह कार्यक्रम समाज को प्रकृति संरक्षण का महत्वपूर्ण संदेश देने वाला है।
शुक्रवार को नगर पालिका अध्यक्ष राजीव शर्मा के संयोजन में उत्तराखंड के लोकपर्व हरेला के अवसर पर जिला मुख्यालय स्थित सामुदायिक केंद्र में भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए फलदार एवं छायादार पौधों का पौधारोपण किया गया तथा सभी उपस्थित जनों ने अधिक से अधिक पौधे लगाने एवं उनकी देखभाल का संकल्प लिया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में कैबिनेट मंत्री प्रदीप बत्रा, भाजपा जिला अध्यक्ष आशुतोष शर्मा, युवा मोर्चा के प्रदेश उपाध्यक्ष विक्रम भुल्लर, जिला सह-प्रभारी दीपक धमीजा, जिलाधिकारी मयूर दीक्षित, मुख्य विकास अधिकारी ललित नारायण मिश्र, एआरटीओ निखिल शर्मा एवं नेहा झा सहित अनेक गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे। परिवहन मंत्री प्रदीप बत्रा ने पौधारोपण कर पेड़ों का पालन पोषण करने का संकल्प दोहराया।

नगर पालिका अध्यक्ष राजीव शर्मा ने कहा कि नगर पालिका क्षेत्र को हराभरा, स्वच्छ एवं प्रदूषणमुक्त बनाना उनकी प्राथमिकता है। हरेला पर्व के अवसर पर किया गया यह वृक्षारोपण अभियान आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ और सुरक्षित पर्यावरण सुनिश्चित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण प्रयास है। उन्होंने सभी नागरिकों से पौधारोपण को जनभागीदारी का अभियान बनाने की अपील की।
भाजपा जिला अध्यक्ष आशुतोष शर्मा ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण आज समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। उन्होंने नगर पालिका अध्यक्ष राजीव शर्मा द्वारा नगर पालिका क्षेत्र में चलाए जा रहे स्वच्छता एवं हरित अभियान की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे प्रयास समाज के लिए प्रेरणादायी हैं और जनभागीदारी से ही इन्हें सफल बनाया जा सकता है।
जिला सह-प्रभारी दीपक धमीजा ने कहा कि वृक्ष ही जीवन का आधार हैं। उन्होंने कहा कि नगर पालिका अध्यक्ष राजीव शर्मा के नेतृत्व में हरेला पर्व पर आयोजित यह वृक्षारोपण अभियान पर्यावरण संरक्षण के प्रति लोगों को जागरूक करने का प्रभावी माध्यम बनेगा। उन्होंने सभी से पौधारोपण को जनआंदोलन बनाने का आह्वान किया।

जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने कहा कि हरेला पर्व प्रकृति संरक्षण और जनभागीदारी का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि नगर पालिका अध्यक्ष राजीव शर्मा के संयोजन एवं नेतृत्व में आयोजित यह वृक्षारोपण अभियान एक सराहनीय पहल है, जो समाज को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करने का कार्य कर रहा है। उन्होंने कहा कि पौधारोपण के साथ-साथ पौधों का संरक्षण और नियमित देखभाल भी उतनी ही आवश्यक है। यदि प्रत्येक नागरिक इस दिशा में अपनी जिम्मेदारी निभाए तो आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ, हरित एवं स्वस्थ वातावरण उपलब्ध कराया जा सकता है।
मुख्य विकास अधिकारी डॉ ललित नारायण मिश्र तथा एआरटीओ निखिल शर्मा एवं नेहा झा ने संयुक्त रूप से कहा कि हरेला पर्व केवल पौधारोपण तक सीमित नहीं है, बल्कि पर्यावरण संरक्षण को जनआंदोलन बनाने का संकल्प है। उन्होंने कहा कि नगर पालिका अध्यक्ष राजीव शर्मा के संयोजन में आयोजित यह अभियान समाज को प्रकृति के प्रति अपनी जिम्मेदारियों का बोध कराने वाला प्रेरणादायी प्रयास है। सभी नागरिक यदि एक-एक पौधा लगाकर उसके संरक्षण का संकल्प लें, तो हरित, स्वच्छ एवं प्रदूषणमुक्त उत्तराखंड के निर्माण का लक्ष्य अवश्य प्राप्त किया जा सकता है।
कार्यक्रम के दौरान सभी अतिथियों एवं उपस्थित जनप्रतिनिधियों ने पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया तथा उत्तराखंड की समृद्ध सांस्कृतिक परंपरा को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर पार्टी पदाधिकारी, कार्यकर्ता बंधु, अनेक सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि, नगर पालिका कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।
