जोगेंद्र मावी, ब्यूरो
कैबिनेट मंत्री रेखा आर्य के पति उत्तर प्रदेश के पुराने हिस्ट्रीशीटर है। उन पर सन 1981 से मुकदमें दर्ज हो रहे हैं।
उत्तराखंड की कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या पर 210 करोड़ की अवैध संपत्ति जुटाने का आरोप लगाने वाले पति का नाम गोलीकांड में उछला था। हिस्ट्रीशीटर भतीजे भी उसी के दम पर दहशत फैलाते हैं। हिस्ट्रीशीटर गिरधारी लाल साहू उर्फ पप्पू गिरधारी के खिलाफ बरेली के अलग-अलग थानों में 39 मुकदमे दर्ज हैं।
बरेली के जोगी नवादा चावल मंडी में महिला वकील के घर फायरिंग कर दहशत फैलाने का मामला हो या फिर पीलीभीत बाइपास गोलीकांड, गुंडों को संरक्षण देने वालों की फेहरिस्त में भाजपा से जुड़े हिस्ट्रीशीटर पप्पू गिरधारी का नाम आता रहा है। उसके हिस्ट्रीशीटर भतीजे भी उसी के दम पर फूलते रहते हैं। हालांकि, पप्पू ने अपनी गर्दन फंसने पर खुद का इनसे वास्ता नहीं होने का दावा किया था।
पीलीभीत बाइपास पर एक बेशकीमती भूखंड को लेकर दो पक्षों में दिनदहाड़े गैंगवार हुई थी। इसमें एक ओर से भाजपा के एक नेता का नाम लेकर मीडिया और पुलिस को बयान दिया गया था। इसके पलटवार में दूसरे पक्ष से पप्पू गिरधारी का नाम लिया गया। बताया गया कि गिरधारी की शह पर ही आरोपियों के हौसले बुलंद रहते हैं। हालांकि, पप्पू गिरधारी ने उस वक्त इन आरोपों से इन्कार कर दिया था।


जोगी नवादा की चावल मंडी में वकील रीना सिंह के परिवार पर टिंकू राठौर व सौरभ राठौर आदि ने जानलेवा हमला किया था। फायरिंग व लाठी-डंडों से किए हमले में कई लोग घायल हुए थे। इस मामले में टिंकू आदि के खिलाफ गंभीर धाराओं में मामला दर्ज हुआ था। लंबे समय तक उनकी गिरफ्तारी नहीं हो सकी तो संरक्षणदाता के तौर पर पप्पू गिरधारी का नाम उछला। हालांकि, बाद में नाटकीय ढंग से उनकी गिरफ्तारी हुई।
पहले मंत्री ने कल्पना पर कराई रिपोर्ट, अब हुई जमानत
दस सितंबर 2024 को भी मंत्री रेखा आर्या के भेजे ईमेल पर आगरा के कैलाश मोड़ महादेव नगर सिकंदरा निवासी कल्पना चतुर्वेदी और उसके मौसा डॉ. आरसी पांडेय के खिलाफ बारादरी थाने में रिपोर्ट लिखी गई थी। आरोप था कि रेखा का कुछ सामान इन लोगों ने चोरी कर लिया है।


कल्पना को अपने पति पप्पू गिरधारी की फर्म में मैनेजर बताकर आरोप लगाया कि ये लोग अपनी कार पर उत्तराखंड सरकार की लाल बत्ती व हूटर आदि लगाकर चलते हैं। उस वक्त कल्पना को गिरफ्तार किया गया था, लेकिन तब पप्पू ने ही मदद कर उसकी जमानत करवा ली थी।
अब पप्पू गिरधारी की जो कॉल रिकार्डिंग वायरल हो रही है, वह कल्पना से बातचीत की बताई जा रही है। कल्पना अभी तक जिला जेल में थी। शुक्रवार को ही उसकी जमानत होने की चर्चा है। हालांकि, कल्पना के नंबर बंद हैं।
हिस्ट्रीशीटर पप्पू गिरधारी पर 39 मुकदमे
हिस्ट्रीशीटर गिरधारी लाल साहू उर्फ पप्पू गिरधारी के खिलाफ बरेली के अलग-अलग थानों में 39 मुकदमे दर्ज हैं। हालांकि, इनमें से अधिकतर में वह दोषमुक्त हो चुका है। बरेली पुलिस के रिकॉर्ड के मुताबिक, जोगी नवादा निवासी 65 साल का पप्पू गिरधारी बारादरी थाने का हिस्ट्रीशीटर है।


उसके खिलाफ दर्ज 39 मुकदमों में से 33 उसके निवास क्षेत्र के थाना बारादरी में दर्ज हैं। प्रेमनगर व कोतवाली में दो-दो, इज्जतनगर और बहेड़ी में एक-एक मामले दर्ज हैं। उसके खिलाफ मारपीट, हमले के आरोप में पहली रिपोर्ट बारादरी थाने में 18 जून 1981 को दर्ज हुई थी, जिसमें वह कुछ समय बाद ही दोषमुक्त हो गया।
उसके खिलाफ लगातार मुकदमे दर्ज होते रहे और वह दोषमुक्त होता रहा। कुछ ही मामले ऐसे हैं, जिनमें उसकी चालानी रिपोर्ट भेजी गई और पुलिस ने चार्जशीट लगाई। इस दौरान उसके खिलाफ गुंडा एक्ट, हिस्ट्रीशीट खोलने जैसी कार्रवाई भी हुई।
एसपी सिटी चिराग जैन ने बताया कि गिरधारी लाल साहू के बारे में उत्तराखंड पुलिस ने फिलहाल कोई जानकारी या मदद नहीं मांगी है। अगर ऐसा होगा तो जरूरी विधिक मदद की जाएगी। स्थानीय स्तर पर उसके खिलाफ पुराने मामले दर्ज हैं। हिस्ट्रीशीट भी कई साल पहले खुली है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *