जोगेंद्र मावी, ब्यूरो
हरिद्वार। पूर्व कैबिनेट मंत्री स्वामी यतीश्वरानंद के द्वारा स्वीकृत कराए कार्यों पर तो श्रेय लेने का काम कांग्रेस की विधायक अनुपमा रावत खूब कर रही हैं। जहां पर सड़कें टूटी पड़ी है, जलभराव होने से वहां के निवासियों की दुर्दशा होने और तमाम क्षेत्रों में ऐसी अव्यवस्थाएं है, उन्हें भी सुधरवाने का काम भी विधायक कराएं। यह सवाल भाजपा के मंडल अध्यक्ष विवेक चौहान ने उठाया है।
भाजपा के मंडल अध्यक्ष विवेक चौहान ने क्षेत्र में दो पुलों के शासनादेश और निर्माण शुरू होने पर हरिद्वार ग्रामीण विधानसभा की विधायक अनुपमा रावत के द्वारा श्रेय लेने पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि विधायक अनुपमा रावत बहुत ही दूरदर्शी विधायक है, उनके मात्र ब्यान जारी करने पर दो घंटे बाद पुल का शासनादेश जारी हो जाता है तो क्षेत्र की अन्य समस्याएं तो वे चुटकी बजाकर ही करवा सकती है। उन्होंने कहा कि जो कार्य राज्य सरकार करवा रही है और उस पर तो वे एकदम फीता काटने पहुंच सकती है। जल जीवन मिशन के गांवों में बनाई जा रही टंकियों के खूब फीते काटे, लेकिन जहां पर कार्य लटके हुए हैं वहा पर पूरे कराने के प्रयास भी जनता को बताएं।
उन्होंने कहा कि सजनपुर पीली गांव में एक किसान को हाथी ने कुचलकर मार दिया, उसके घर पहुंचने तक की जहमत नहीं उठाई। यहां तक क्षेत्र में जंगली जानवरों को रोकने के लिए कोई काम नहीं करवाया। सराय, जमालपुर कलां क्षेत्र में अपनी निधि से एक बिजलीघर बनवा देती तो वहां की समस्या खत्म हो जाती। लेकिन पुराने कार्यों पर श्रेय जरूर ले लेंगी। उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत पर निशाना साधते हुए कहा कि यदि सिर्फ रोने से क्षेत्रीय जनता के हितों के लिए कार्य नहीं होते, बल्कि धरातल पर कार्य करना होता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *