जोगेंद्र मावी, ब्यूरो
फिर से एक ओर प्रश्न पत्र लीक हो गया है। पेपर लीक करने वालों के तार उत्तराखंड के देहरादून से भी जुड़े होने का मामला सामने आया है। राजस्थान SOG ने मुख्य आरोपी मनीष यादव को जयपुर से गिरफ्तार किया। जांच में सामने आया कि पेपर की डिजिटल कॉपी नासिक में स्कैन की गई थी। अभी तक 45 से ज्यादा हिरासत में लिया जा चुका है। खबरों के अनुसार, परीक्षा से पहले लाखों से लेकर हजारों रुपये में पेपर बेचा गया। परीक्षा 3 मई को हुई थी। नीट धांधली मामले में राजस्थान, उत्तराखंड, महाराष्ट्र और केरल तक फैले नेटवर्क के संकेत मिले हैं। जांच एजेंसियां व्हाट्सएप ग्रुप, कोचिंग सेंटर और मनी ट्रेल की जांच कर रही हैं।
राजस्थान स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (SOG) की शुरुआती जांच में राजस्थान, उत्तराखंड, केरल और महाराष्ट्र के बीच कथित कनेक्शन सामने आने के बाद मामले ने राष्ट्रीय स्तर पर गंभीर रूप ले लिया है। अब तक इस मामले में 45 से अधिक लोगों को हिरासत में लिया जा चुका है, जबकि कई संदिग्धों से पूछताछ जारी है।
नासिक से भी हुई एक संदिग्ध की गिरफ्तारी
नासिक पुलिस ने मंगलवार को नीट पेपर लीक मामले में एक व्यक्ति को हिरासत में लिया। पुलिस उपायुक्त किरण कुमार चौहान ने बताया कि मंगलवार की सुबह राजस्थान पुलिस से नीट परीक्षा के पेपर लीक मामले के संबंध में एक व्यक्ति को हिरासत में लेने का अनुरोध मिला था। तदनुसार, नासिक पुलिस की क्राइम ब्रांच यूनिट 2 ने एक व्यक्ति को पकड़ लिया है।

राजस्थान बताया जा रहा लीक का एपीसेंटर
राजस्थान के सीकर जिले को जांच का सबसे अहम केंद्र माना जा रहा है। SOG ने देहरादून, सीकर और झुंझुनूं सहित कई स्थानों पर कार्रवाई की थी। जांच एजेंसियों को संदिग्धों के मोबाइल चैट, कॉल रिकॉर्ड और डिजिटल दस्तावेज भी मिले हैं। जयपुर से हिरासत में लिए गए एक व्यक्ति को भी इस नेटवर्क की महत्वपूर्ण कड़ी माना जा रहा है।
जांच में अभी तक इन जगहों के नाम सामने आए हैं:
राजस्थान के सीकर, झुंझुनूं, चूरू, नागौर, उत्तराखंड के देहरादून, केरल, महाराष्ट्र के नासिक में कुछ नाम सामने आए हैं।
लाखों में बिका गेस पेपर
सूत्रों के अनुसार शुरुआत में कथित गेस पेपर लाखों रुपये में बेचा गया, जबकि परीक्षा से ठीक पहले इसकी कीमत घटाकर हजारों रुपये तक कर दी गई थी। एजेंसियां अब पूरे मामले की मनी ट्रेल और डिजिटल नेटवर्क की जांच कर रही हैं। इसी बीच केंद्र सरकार ने पूरे मामले की जांच सीबीआई को सौंप दी है।
दोबारा होगी परीक्षा
राष्ट्रीय परीक्षण एजेंसी (NTA) ने 3 मई को आयोजित नीट यूजी 2026 परीक्षा रद्द कर दोबारा परीक्षा कराने की घोषणा की है। दोबारा आयोजित होने वाली NEET UG 2026 परीक्षा की नई तारीखें जल्द घोषित की जाएंगी। साथ ही नए एडमिट कार्ड जारी करने का शेड्यूल भी एजेंसी के आधिकारिक चैनलों के माध्यम से जारी किया जाएगा।
एजेंसी ने कहा कि मई 2026 परीक्षा चक्र के दौरान अभ्यर्थियों द्वारा भरी गई जानकारी, पंजीकरण डेटा और चुने गए परीक्षा केंद्र अगले एग्जाम के लिए मान्य रहेंगे। यानी छात्रों को दोबारा आवेदन प्रक्रिया से नहीं गुजरना पड़ेगा। हालांकि, एजेंसियों ने स्पष्ट किया है कि जांच अभी जारी है और अंतिम निष्कर्ष आधिकारिक रिपोर्ट के बाद ही सामने आएंगे।
इस वर्ष नीट यूजी परीक्षा में देशभर से लगभग 22.79 लाख अभ्यर्थी शामिल हुए थे। परीक्षा भारत के 551 शहरों और विदेश के 14 शहरों में आयोजित की गई थी।

