जोगेंद्र मावी, ब्यूरो
भाजपा के पदाधिकारी की पीट—पीटकर हत्या के मामले में देहरादून पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। आरोपियों के मकानों पर बुलडोजर चलाया गया। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमों का गठन किया गया। जिसके बाद घटना में शामिल चार आरोपियों रज्जाक पुत्र मासूम, सलमान पुत्र युनुस, जावेद पुत्र मासूम और शहबाज पुत्र शहीद को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने इस घटना के सिलसिले में तीन नामज़द आरोपियों और 25 अन्य लोगों के ख़िलाफ़ मामला दर्ज किया है। घटनास्थल पर भारी संख्या में लोग एकत्रि हुए तो पुलिस ने भीड़ को वहां से खदेड़ा। पुलिस मामले को शांत करने में जुटी है।
युवक की हत्या सभी के लिए आघात की बात : तोगड़िया
विश्व हिंदू परिषद के पूर्व अंतरराष्ट्रीय अध्यक्ष प्रवीण तोगड़िया ने घटना पर चिंता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि एक समुदाय की ओर से युवक की हत्या सभी के लिए आघात की बात है। उन्होंने कहा कि कभी दिल्ली में हमारा बेटा तरुण तो कभी गाजियाबाद में सूर्या और बैरागीवाला में विनोद मारा जाता है। उन्होंने कहा कि लगता है देश में हिंदू सुरक्षित नहीं है।
फोन नहीं उठाते, किसी का भी प्रमोशन नहीं होने दूंगा: चौहान
हत्या के बाद विकासनगर विधायक मुन्ना सिंह चौहान बैरागीवाला गांव में पहुंचे। उन्होंने घटना पर कड़ी नाराजगी जताई। इस दौरान एक व्यक्ति ने बताया कि कोतवाली और थानों में अधिकारी फोन नहीं उठाते हैं। उसने बताया कि आदूवाला में भी एक गंभीर मामला सामने आया था। उन्होंने कोतवाली में फोन किया लेकिन किसी ने कॉल रिसीव नहीं की। विधायक मुन्ना सिंह चौहान ने कहा कि जब कोतवाली थानों में फोन नहीं उठाते हैं तभी इस तरह की घटनाएं होती हैं। उन्होंने कहा कि वह सुनिश्चित करेंगे कि क्षेत्र के किसी भी अधिकारी की पदोन्नति नहीं हो।


आराेपी के घर में आगजनी
बैरागीवाला में देर रात भाजपा के ओबीसी मोर्चा के मीडिया प्रभारी विनोद की पीट कर हत्या के बाद गांव में सांप्रदायिक चुनाव की स्थिति बनी हुई है। आज आरोपी के घर को जेसीबी से तोड़ने की मांग करते हुए बजरंग दल, विश्व हिंदू परिषद के कार्यकर्ता और स्थानीय लोग गांव में एकत्र हो गए। भीड़ ने आरोपी के घर में आग लगा दी है। पुलिस भीड़ को काबू करने का प्रयास कर रही है। वहीं, प्रशासन की टीम भी मौके पर पहुंची है।
शनिवार देर रात सहसपुर में पुरानी रंजिश के चलते पूर्व प्रधान इस्पाक के भतीजे और अन्य लोगों ने मिलकर विनोद उसके भाई अशोक व राजेश पर हथियारों से हमला कर दिया था। विनोद और उसके परिवार ने पूर्व प्रधान इस्पाक के कार्यकाल की सूचना के अधिकार अधिनियम के तहत कई जानकारी मांगी थी। उन्होंने प्रधान के कार्यकाल में ग्राम समाज की भूमि और अन्य मामलों में शिकायत भी दर्ज करवाई थी।
इससे दोनों पक्षों में रंजिश पैदा हो गई थी। दोनों परिवारों में अक्सर झगड़े होते रहते थे। शनिवार को विनोद और उनके भाई सरकारी ट्यूबवेल से अपने खेत में पानी डाल रहे थे। बगल का खेत पूर्व प्रधान इस्पाक के भतीजे इम्तियाज का था। इम्तियाज के आपत्ति जताने पर दोनों पक्षों में विवाद शुरू हो गया। इस दौरान अमन, यूनुस, अनीस और रज्जाक आदि भी मौके पर आ गए। फिर दोनों पक्षों में मारपीट शुरू हो गई।
आरोप है कि इम्तियाज और उसके साथियों ने विनोद, अशोक और राजेश पर भारी और धारदार हथियारों से हमला बोल दिया। रज्जाक ने विनोद के सिर पर हथौड़े से तीन वार किए। अन्य दोनों भाइयों को भी जमकर पीटा। घायल अवस्था में तीनों भाइयों को हरबर्टपुर स्थित लेहमन अस्पताल में भर्ती कराया गया। अस्पताल में उपचार के दौरान विनोद की मौत हो गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *