जोगेंद्र मावी, ब्यूरो
हरिद्वार। ग्राम सराय स्थित गायत्री विहार कॉलोनी, हरिद्वार में आज जनता बुनियादी सुविधाओं के अभाव में परेशान है। जल जीवन मिशन के तहत पानी की लाइन बिछाने के नाम पर सड़कों को खोद दिया गया, लेकिन महीनों बीत जाने के बाद भी उनकी मरम्मत नहीं की गई। परिणाम यह है कि कॉलोनी की सड़कें गड्ढों में तब्दील हो चुकी हैं और आम नागरिकों का आवागमन बेहद कठिन हो गया है।

समाजसेवी एवं कांग्रेस नेता अतहर अंसारी ने बताया कि सबसे अधिक परेशानी महिलाओं, बुजुर्गों और स्कूली बच्चों को हो रही है। रोजाना लोग इन टूटी सड़कों पर गिरकर चोटिल हो रहे हैं। बरसात के दिनों में स्थिति और भी भयावह हो जाती है, जब गड्ढों में पानी भर जाता है और दुर्घटनाओं का खतरा कई गुना बढ़ जाता है।
सबसे बड़ा सवाल यह है कि जब सड़क मरम्मत के लिए बजट स्वीकृत हुआ था, तो वह पैसा आखिर गया कहां? यदि सड़कें आज भी बदहाल हैं, तो क्या यह भ्रष्टाचार और प्रशासनिक लापरवाही का स्पष्ट उदाहरण नहीं है?

कांगेस नेता अतहर अंसारी ने सवाल उठाया है कि जनता जानना चाहती है कि: सड़क मरम्मत का कार्य अभी तक क्यों पूरा नहीं हुआ? संबंधित विभाग और जिम्मेदार अधिकारी जवाबदेही से क्यों बच रहे हैं?
आम लोगों की सुरक्षा के साथ यह खिलवाड़ कब तक चलता रहेगा? गायत्री विहार कॉलोनी के निवासी मांग करते हैं कि टूटी सड़कों की तत्काल मरम्मत कराई जाए, पूरे मामले की निष्पक्ष जांच हो और यदि किसी स्तर पर भ्रष्टाचार हुआ है तो दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए। जनता को सुविधाएं देना सरकार और प्रशासन की जिम्मेदारी है, न कि उन्हें समस्याओं के बीच जीने के लिए मजबूर करना।

