ब्यूरो रिपोर्ट
10वीं वाहिनी पीएसी परिसर स्थित हॉस्टल के कमरे में रविवार सुबह सिपाही दीपक सिंह (29) का शव फंदे से लटका मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने छानबीन की। कमरे से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। शुरुआती जांच में मोबाइल गेम की लत के चलते पैसा गंवाने से पारिवारिक कलह की बात सामने आई है।
मेरठ के रोहटा निवासी थे दीपक
मेरठ के रोहटा निवासी दीपक पुत्र ब्रह्म सिंह वर्ष 2021 बैच के सिपाही थे। उनकी पहली तैनाती बाराबंकी में थी। वर्ष 2022 में उनका विवाह हुआ था। दो वर्ष की बेटी है। बड़े भाई व नोएडा में तैनात उपनिरीक्षक अजय सिंह के अनुसार, दीपक लंबे समय से मोबाइल गेम खेलने के आदी थे और इसमें काफी रुपये गंवा चुके थे।
इससे आर्थिक तंगी के कारण पति-पत्नी के बीच विवाद होता था। छह माह पहले पत्नी बेटी को लेकर मायके चली गई थी। मसौली एसएचओ अजय प्रकाश त्रिपाठी ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का है।

पत्नी से विवाद और रकम डूबने के कारण अवसाद में था दीपक
बाराबंकी में पीएसी में तैनात दीपक (29) की मौत की सूचना मिली मेरठ के रोहटा में तो घर में मातम पसर गया। परिजन शव लेने के लिए बाराबंकी के लिए रवाना हो गए। सिपाही के घर के बाहर ग्रामीणों की भीड़ एकत्र हो गई।
ग्रामीणों ने पीड़ित परिवार को सांत्वना दी। बताया गया कि पत्नी से विवाद, मोबाइल गेम्स और शेयर बाजार में रकम डूबने से दीपक काफी समय से अवसाद में था। गांव रोहटा निवासी ब्रह्मा सिंह राज मिस्त्री हैं। उनका बड़ा बेटा अजय उर्फ बंटी सेक्टर-19 नोएडा में यूपी पुलिस में दरोगा है।
उससे छोटा बेटा गौतम कुमार सरदार वल्लभभाई पटेल यूनिवर्सिटी मोदीपुरम में अवर अभियंता है। दीपक छह साल पहले पीएसी में भर्ती हुआ था। दीपक की शादी रोहटा रोड स्थित लखवाया गांव निवासी शोभा से हुई थी। शादी के बाद दोनों के एक डेढ़ वर्ष की बेटी खुशी है। दीपक वर्तमान में बाराबंकी में तैनात था।
रविवार शाम सूचना मिली कि बाराबंकी में दीपक का शव फंदे पर लटका मिला। दीपक का पत्नी शोभा से किसी बात से विवाद चल रहा था। इसके चलते पत्नी अपने मायके में रह रही थी। पति की मौत की जानकारी के बाद पत्नी का रोकर बुरा हाल है। वहीं, ग्रामीणों का कहना है कि सिपाही पर लाखों रुपये का कर्ज हो गया था। उसके बड़े भाई ने कुछ समय पूर्व उसका 14 लाख रुपये का कर्ज अदा किया था।
