जोगेंद्र मावी, ब्यूरो
हरिद्वार। भाजपा के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सहकारिता चुनाव में 33 प्रतिशत महिला आरक्षण लागू करते हुए बड़ा संदेश दिया है। इससे विधानसभा चुनाव में प्रदेश की 70 सीटों में हरिद्वार की 11 सीटों में से 3 या 4 प्रत्याशी महिलाओं के लिए आरक्षित करने का दावा सही साबित होता प्रतीत हो रहा है। यानि महिलाओं को पार्टीगत आरक्षण दिया तो एक सीट सामान्य, एक सीट ओबीसी, एक सीट एससी महिला को दी जा सकती है।
अब जिस प्रकार से सहकारिता के चुनाव में महिला आरक्षण को लागू किया है, इससे विधानसभा के चुनाव में पूरी संभावना हो गई है कि भारतीय जनता पार्टी प्रदेश में 70 सीटों में से 20 सीटों पर महिलाओं को प्रत्याशी बनाने का काम करेगी।
हरिद्वार में 3 या 4 सीटें होगी आरक्षित
भारतीय जनता पार्टी महिला आरक्षण बिल के मानकों पर खरा उतरती है तो हरिद्वार जिले की 11 सीटों में से 3 या 4 महिलाओं को प्रत्याशी बनाने का काम करेगी। भाजपा के नए प्रयोग के अनुसार हरिद्वार विधानसभा में पांच बार के विधायक मदन कौशिक को उनके पैत्रृक गांव के सीट कलियर पर जाने की चर्चा जोरों पर है।

तीर्थ पुरोहित उज्जवल पंडित की माने तो कलियर विधानसभा के इमलीखेड़ा ग्राम में कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक पहले से शिक्षण संस्थान चला रहे हैं और अब मेडिकल कॉलेज या बड़ा अस्पताल वे बनवा रहे हैं। ऐसे में मदन कौशिक कलियर विधानसभा गए तो हरिद्वार की सीट सामान्य महिला के खाते में जाने की उम्मीद हो गई है।
राजनैतिक सूत्रों की माने तो हरिद्वार की सीट यदि महिला के खाते में जाएगी तो इससे पूरे प्रदेश में महिला मतदाताओं के अंदर पार्टी के लिए बड़ा संदेश जाएगा। जो महिला मतदान करने बूथ केंद्र तक नहीं जाती वे भी नई उम्मीद के साथ मतदान करने जाएगी। साथ ही महिलाएं भी राजनैतिक कार्यक्रमों या गतिविधियों में शामिल होगी। क्योंकि अभी तक देखा जा रहा है कि कुछ विधानसभा के मंडल हो या मोर्चों के पदों पर नाम लिखने के लिए भी महिलाएं पार्टी के पास नहीं है।

ये लागू हुआ महिला आरक्षण
इस समय प्रदेश में जिला सहकारी बैंकों के चुनाव गतिमान है। जिनमें 10 जिला सहकारी बैंकों में से तीन की कमान अब महिलाएं संभालेंगी। शीर्ष सहकारी समितियों में अध्यक्ष पदों पर महिलाओं के लिए 33 प्रतिशत आरक्षण का प्रविधान किए जाने के धामी सरकार के निर्णय के बाद इसे धरातल पर मूर्त रूप दिया जा रहा है।
इस कड़ी में सहकारी निर्वाचन प्राधिकरण ने जिला सहकारी बैंकों के साथ ही जिला सहकारी विकास संघ और केंद्रीय उपभोक्ता भंडार समितियों में अध्यक्ष पदों के लिए अनंतिम आरक्षण जारी कर दिया है। इन समितियों के चुनाव का कार्यक्रम भी घोषित किया जा चुका है। सहकारी निर्वाचन प्राधिकरण के अध्यक्ष हंसा दत्त पांडे के अनुसार अनंतिम आरक्षण के तहत अल्मोड़ा, उत्तरकाशी व ऊधम सिंह नगर जिला सहकारी बैंकों में अध्यक्ष पद महिलाओं के लिए आरक्षित किया गया है। शेष पद अनारक्षित हैं।
नौ जिला सहकारी विकास संघों में से रुद्रपुर, अल्मोड़ा व गोपेश्वर और चार केंद्रीय उपभोक्ता भंडार समितियों में से उत्तरकाशी की समिति के अध्यक्ष पद को महिला आरक्षित किया गया है।
