ब्यूरो रिपोर्ट

विशेष समुदाय के शोहदों ने छेड़खानी का विरोध करने पर मैजिक से कुचलकर युवती की हत्या कर दी। युवती की हत्या से नाराज ग्रामीणों ने सोमवार को अपराह्न शव रखकर गोरखपुर-कुशीनगर हाईवे दो घंटे जाम कर दिया। पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

गोरखपुर के चौरीचौरा क्षेत्र के भटगावां पंचायत भवन के सामने मैजिक ने परीक्षा देने जा रही दो चचेरी बहनों को ठोकर मार दी। इसमें एक की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने मैजिक चालक को पकड़ने की कोशिश की, लेकिन वह फरार हो गया। कुछ दूर आगे जाने के बाद मैजिक छोड़कर भाग गया।

जांच में सामने आया कि आरोपियों ने छेड़खानी का विरोध करने पर मैजिक से कुचलकर युवती की हत्या की थी। उधर, गोरखपुर में छेड़खानी के बाद मैजिक से कुचलकर युवती की हत्या से नाराज ग्रामीणों ने सोमवार को अपराह्न शव रखकर गोरखपुर-कुशीनगर हाईवे दो घंटे जाम कर दिया। इस दौरान परिजनों के साथ ही ग्रामीणों ने मांग की कि आरोपियों का एनकाउंटर कर उनके घरों पर बुलडोजर चलाया जाए। कोनी मोड़ पर चक्का जाम होने से एयरपोर्ट से लेकर सोनबरसा तक वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।

जाम की सूचना पर एसडीएम वित्त एवं राजस्व विनीत सिंह, मजिस्ट्रेट आरती साहू, एसडीएम चौरीचौरा, एसपी उत्तरी, दो सीओ, छह थानों की पुलिस फोर्स के साथ ही एक गाड़ी पीएसी बुलाई गई। बातचीत के दौरान परिवार ने मांग की कि जिस तरह युवती को मारा गया है, उसी तरह आरोपियों को भी सजा दी जाए। आरोपियों का एनकाउंटर किया जाए। पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता दी जाए।

मजदूरी करके बिटिया को पढ़ाया… शोहदों ने पल भर में छीन लीं खुशियां

मेहनत मजदूरी कर बिटिया को पढ़ा रहा था, शोहदों ने पल भर में उसकी जिंदगी और मेरा सपना छीन लिया। बिटिया पढ़ने में तेज थी। राजनीति शास्त्र और हिस्ट्री से बीए कर रही थी। उसका आखिरी साल था। इसके बाद सिविल सेवा की तैयारी करने वाली थी। वह हमेशा बोलती थी-एक दिन बड़ा अधिकारी बनकर सबको मान बढ़ाऊंगी। शोहदों ने मेरा और बेटी का सपना छीन लिया।

चौरीचौरा इलाके में रविवार को छात्रा और उसकी चचेरी बहन को कुचलने का मामला सामने आया था। सोमवार को मेडिकल कॉलेज में बेटी के शव का पोस्टमार्टम कराने पहुंचे पिता का दर्द छलक उठा। उन्होंने कहा कि मजदूरी की, लेकिन कभी अपने छह बच्चों को कोई कमी नहीं होने दी। बड़ी बेटी को बीटीसी, दूसरी को बीएड कराया। बेटा बीए कर चुका है। एक बेटा पढ़ाई करके काम कर रहा है। वह खुद कूड़ा उठाने का काम करते हैं, उनके बच्चों को यह काम न करना पड़े, इसलिए उन्हें अच्छी शिक्षा दिला रहे थे।

चचेरी बहन बोली- एक सप्ताह से पीछे पड़े थे शोहदे

एक सप्ताह से दोनों शोहदे पीछे पड़े थे। कभी कार तो कभी बाइक से पीछे आते थे। बार-बार मोबाइल नंबर देकर बात करने का दबाव बनाते थे। रविवार को घर से बहन साथ में परीक्षा देने निकली। घर से आधा किमी दूर जाने पर रास्ते में मैजिक गाड़ी लेकर दोनों आरोपी खड़े थे। उधर से गुजरे तो बात करने की कोशिश की, विरोध करने पर वे आगे बढ़ गए। आगे फिर गाड़ी लगाकर इंतजार करने लगे। जैसे ही वहां से गुजरे, वे गाड़ी पीछे से चढ़ा दिए। छात्रा के परिजनों का यह भी आरोप है कि घटना के बाद आरोपियों के घरवाले धमकी दे रहे हैं। घटना से दुखी ग्रामीण आरोपियों को फांसी दिलाने की मांग कर रहे हैं।

गुलजार को हटाकर सलमान ने स्टेयरिंग संभाली

रविवार को हुई घटना का एक सीसीटीवी फुटेज भी मिला है। इसमें दिख रहा है कि मैजिक आगे आकर रुक रही है। छात्राएं आगे बढ़ रही हैं, तभी झटके से मैजिक को आगे बढ़कर आरोपी, छात्राओं को कुचलते हुए तेज रफ्तार में आगे निकल गए। सीसीटीवी फुटेज में यह भी दिख रहा है कि गुलजार गाड़ी लाकर सड़क पर रोक रहा है। जैसे ही छात्राएं करीब आई, स्टेयरिंग से गुलजार को हटाकर सलमान आ गया। बताया जा रहा है कि सलमान ने ही गाड़ी से छात्रा को रौंदा है। बगल के गांव में रहने वाले दोनों आरोपी मनबढ़ हैं।

छात्रा के गांव में लगी पुलिस

घटना के बाद सोमवार को छात्रा के गांव में पुलिस लगा दी गई। पूरे दिन गांव में अधिकारियों का भी आना-जान लगा रहा। अपराह्न करीब तीन बजे गांव से भारी भीड़ ने गोरखपुर-कुशीनगर हाईवे पर जाम लगा दिया था। इसके बाद पुलिस ने शांत करवाकर छात्रा का दाह संस्कार करवाया। रात के समय भी गांव में पुलिस तैनात रही। इधर, छात्रा की मौत पर उसके कॉलेज के प्राचार्य ने शोक व्यक्त किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *