जोगेंद्र मावी, ब्यूरो
पुलिस ने मुठभेड़ में एक आरोपी को गोली मारकर पकड़ा। उसकी निशानदेही पर छह अन्य को गिरफ्तार किया। पकड़े गए आरोपियों में भाई-बहन और पति-पत्नी भी शामिल हैं। इनसे साढ़े चार किलो से ज्यादा सोना और साढ़े आठ किलो से ज्यादा चांदी बरामद हुई है।
नजीबाबाद चौक बाजार में योगेश कुमार की बर्तनों की दुकान में चोरी हुई थी। नजीबाबाद के चौक बाजार स्थित दुकान से करीब छह करोड़ रुपये के सोने-चांदी के आभूषण और नकदी चोरी के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने एक मुठभेड़ के बाद सात अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है, जिनमें से एक गोली लगने से घायल हुआ है। चोरी किए गए माल में सोने-चांदी के निर्मित/अर्धनिर्मित आभूषण और सामान शामिल है, जिनकी कीमत लगभग छह करोड़ रुपये बताई जा रही है।
यह चोरी 27 सितंबर 2025 की रात को नजीबाबाद के चौक बाजार में स्थित योगेश कुमार की बर्तनों की दुकान में हुई थी। चोरों ने दुकान का ताला तोड़कर तिजोरी से सोने-चांदी के कीमती आभूषण और ढाई लाख रुपये नकदी की चोरी की थी। वादी योगेश कुमार की तहरीर के आधार पर थाना नजीबाबाद में मुकदमा पंजीकृत किया गया था।
घटना के तत्काल बाद पुलिस ने विशेष टीमें गठित की थीं। मुखबिर द्वारा 12 नवंबर 2025 को सुबह लगभग 5:57 बजे स्वाट, सर्विलांस टीम को सूचना दी गई कि चोरी की घटना से संबंधित एक अभियुक्त, शोएब बिजनौर तिराहे से पूरनपुर रोड के पास नवनिर्मित कॉलोनी स्थित एक खाली प्लॉट में छिपा हुआ है। वह चोरी किए गए माल में से अपने हिस्से को लेकर देहरादून भागने की फिराक में है।
सूचना मिलते ही स्वाट, सर्विलांस टीम और थाना नजीबाबाद पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। पुलिस को देखते ही अभियुक्त शोएब ने गिरफ्तारी से बचने के लिए फायरिंग कर दी। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की, जिसमें अभियुक्त के बाएं पैर में घुटने के नीचे गोली लगी और वह घायल होकर गिर गया। घायल अवस्था में पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।


पूछताछ में खुलासे और अन्य अभियुक्तों की गिरफ्तारी
पूछताछ के दौरान करीब 19 साल के आरोपी शोएब ने अपना अपराध स्वीकार किया। उसने बताया कि चोरी की योजना उसके मौसा जफर अली और मौसी राबिया उर्फ चांदो ने वारदात से करीब डेढ़ माह पूर्व बनाई थी। उन्होंने ही शोएब और उसके मौसेरे भाई फराज को दुकान में कीमती माल और जेवरात होने की जानकारी दी थी। योजना के अनुसार, शोएब और फराज ने छत के रास्ते दुकान में प्रवेश कर ताला तोड़कर चोरी को अंजाम दिया था।
शोएब ने बताया कि इस वारदात में जफर अली, राबिया, सहाना, रावेद, आसिया, खुर्शीदा और जेबा भी शामिल थे, जिनके बीच चोरी का माल बांटा जाना था। पुलिस ने अभियुक्तों राबिया उर्फ चांदो, जफर अली, सहाना, रावेद, आसिया एवं खुर्शीदा को फराज के घर से गिरफ्तार किया। उनके कब्जे से कुल 2624.52 ग्राम सोना, 8700 ग्राम चांदी बरामद हुई।
बरामदगी और अनुमानित मूल्य
पुलिस का कहना है कि बरामद सामान की कुल बाजारी कीमत लगभग छह करोड़ रुपये है। इसके अतिरिक्त शोएब के कब्जे से एक पासपोर्ट, 800 रुपये, एक तमंचा, तीन कारतूस और दो खोखे बरामद हुए हैं।
वांछित अभियुक्त और आपराधिक इतिहास
इस मामले में फराज और जेबा नामक दो अभियुक्त अभी भी वांछित हैं। गिरफ्तार अभियुक्त शोएब का आपराधिक इतिहास रहा है। उसके खिलाफ पूर्व में भी चोरी और शस्त्र अधिनियम के तहत कई मुकदमे पंजीकृत हैं। गिरफ्तार अभियुक्त जफर अली का भी आपराधिक इतिहास पाया गया है। शोएब और खुर्शीदा भाई बहन हैं, राबिया और जफर अली पति-पत्नी हैं। बाकी अन्य भी आपस में रिश्तेदार है।
पुलिस टीम की सराहना
इस सफल अभियान को अंजाम देने वाली पुलिस टीम में थाना नजीबाबाद के प्रभारी निरीक्षक राहुल सिंह, स्वाट टीम प्रभारी सचिन मलिक, सर्विलांस सेल प्रभारी सुनील सिंह सहित कई उपनिरीक्षक और कांस्टेबल शामिल थे। पुलिस अधीक्षक ने इस सराहनीय कार्य के लिए टीम की प्रशंसा की है। साथ ही 50 हजार रुपये पुरस्कार स्वरूप देने की घोषणा की है।
गिरफ्तार अभियुक्त
1. शोएब पुत्र जफर खां
2. राबिया उर्फ चांदो पत्नी जफर अली
3. जफर अली पुत्र हसमत अली
4. सहाना पत्नी मो. सलीम
5. रावेद पुत्र शौकत अली
6. आसिया पत्नी फुरकान
7. खुर्शीदा पुत्री जफर खां
वांछित अभियुक्त
1. फराज पुत्र जफर अली
2. जेबा पुत्री इकबाल

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *