जोगेंद्र मावी, ब्यूरो
हरिद्वार। आर्य समाज की हरिद्वार में 23 नवंबर को निकाली जा रही आर्य राष्ट्र निर्माण यात्रा को लेकर पूर्व कैबिनेट मंत्री स्वामी यतीश्वरानंद ने गांव— गांव पहुंचकर सिद्धांतों का प्रचार प्रसार करते हुए यात्रा में शामिल होने को आह्वान किया। शोभायात्रा स्वामी दर्शनानंद महाविद्यालय ज्वालापुर से शुरू होकर सिंहद्वार, हरिद्वार आर्यनगर चौक से होते, वानप्रस्थ आश्रम, वैदिक मोहन आश्रम खड़खड़ी में समापन होगा।

पूर्व कैबिनेट मंत्री स्वामी यतीश्वरानंद आर्य समाज की आर्य राष्ट्र निर्माण यात्रा में भारी संख्या में आर्य समाजियों को शामिल कराने के लिए गांवों में प्रचार प्रसार कर रहे हैं। सोमवार को उन्होंने लिब्बरहेडी, निजामपुर, हरजोली जट, नसीरपुर, बुडपुर जट आदि गांवों में बैठकें करते हुए आर्य समाज के प्रवर्तक महर्षि दयानंद के सिद्धांतों को अपनाने की जरूरत बताई।

पूर्व कैबिनेट मंत्री स्वामी यतीश्वरानंद ने कहा कि समाज में परिवारों के विघटन होने के साथ और फैल रही कुरुतियों को दूर करने की जरूरत है। बढ़ती नशावृत्ति के कारण बढ़ रहे विभिन्न तरह के अपराधों एवं विकृत्तियों से मुक्ति के लिए उन्होंने आज की युवा पीढ़ी को वेद पढ़ने की जरूरत है। उन्होंने एक देश में एक अभिवादन होने की बात कही। उन्होंने बताया कि 23 नवंबर को हरिद्वार में आर्य राष्ट्र निर्माण यात्रा निकाली जाएगी। जिसके माध्यम से शिक्षा, चिकित्सा एवं न्याय निशुल्क की मांग के साथ चरित्र निर्माण, बेरोजगारी को दूर करने आदि मांगों को लेकर संदेश दिया जाएगा। उन्होंने आर्य राष्ट्र निर्माण यात्रा को सफल बनाने के लिए आह्वान किया। यात्रा के उपरांत राष्ट्रपति के नाम से उक्त मांगों को लेकर ज्ञापन प्रेषित किया जाएगा।


