ब्यूरो रिपोर्ट
हरिद्वार। ज्वालापुर विधानसभा में सत्ताधारी विधायक मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के स्वागत में भीड़ जुटाने में नाकाम रहे, बल्कि भीड़ जुटाने का काम युवा नेता देवेंद्र प्रधान ने किया। युवा नेता देवेंद्र प्रधान को क्षेत्रवासी कंधे पर बैठाकर आयोजन में लेकर पहुंचे। देवेंद्र ने मुख्यमंत्री को गदा भेंटकर कर अभिनंदन किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने क्षेत्र की जनता हित में कई घोषणा की। मुख्यमंत्री ने अपने फेसबुक पेज पर देवेंद्र प्रधान द्वारा किए गए अभिवादन की वीडियो को शेयर कर संदेश दिया। सबसे बड़ी बात विधायक सुरेश राठौर का विरोध कर रहे लोगों को भी शांत करने का काम देवेंद्र प्रधान ने किया।
बृहस्पतिवार को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मानूबांस में “रबी कृषक महोत्सव – 2021“ का शुभारंभ किया। कार्यक्रम को लेकर युवा नेता देवेंद्र प्रधान ने प्रचार प्रसार करते हुए जनता को पहुंचने के लिए आमंत्रित किया। कार्यक्रम में जनता भी भारी संख्या में पहुंची, लेकिन जैसे ही कार्यक्रम शुरू हुआ तो मौजूदा विधायक के खिलाफ नारेबाजी शुरू हो गई। जनता का आक्रोश थामने के लिए भाजपा के वरिष्ठ नेताओं के साथ पुलिस प्रशासन ने युवा नेता देवेंद्र प्रधान को कमान सौंपी। जैसे तैसे कर मामला शांत हुआ।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने किसानों को बीज, उर्वरक आदि की जानकारी देने के लिए लगाए गए विभागीय स्टॉलों का अवलोकन भी किया। इस अवसर पर उन्होंने विभिन्न योजनाओं का शिलान्यास एवं लोकार्पण किया। मुख्यमंत्री ने लाभार्थी कृषकों को चेक एवं प्रशस्ति पत्र भी प्रदान किए।
मुख्यमंत्री द्वारा की गई घोषणाएं
मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर घोषणा की कि हरिपुर टोंगिया को राजस्व ग्राम बनाया जायेगा। ग्राम टांडा हसन में नदी पर पुल का निर्माण किया जायेगा। ग्राम रिठौरा में नदी पर पुल का निर्माण किया जायेगा। लालवाला दाबूबांस में पुल निर्माण किया जायेगा। बुग्गावाला में डिग्री कॉलेज की स्थापना की जायेगी। मानूबांस में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र की स्थापना की जायेगी। ग्राम इब्राहिमपुर मसाई में इंटर कॉलेज की स्थापना की जाएगी। बुग्गावाला में विकासखण्ड की स्थापना के लिए केन्द्र सरकार को प्रस्ताव भेजा जाएगा।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि उत्तराखण्ड को हर क्षेत्र में अग्रणी राज्य बनाने की दिशा में राज्य सरकार द्वारा लगातार प्रयास किये जा रहे हैं। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के मार्गदर्शन में केन्द्र सरकार से राज्य को पूरा सहयोग मिल रहा है। समाज के हर वर्गों को ध्यान में रखकर जनकल्याणकारी योजनाएं चलाई जा रही हैं। राज्य के लिए विशेष योगदान देने वाले महानुभावों को उत्तराखण्ड गौरव सम्मान से सम्मानित किया जा रहा है। हम सम्मानित करने के लिए कोई राजनीति नहीं करते जिसका उदाहरण स्वर्गीय श्री नारायण दत्त तिवारी जी हैं, जिनको मरणोपरांत उत्तराखण्ड गौरव सम्मान से नवाजा है।
युवा नेता देवेंद्र प्रधान ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी लगातार प्रदेशवासियों की समस्याओं का समाधान कर रहे है। उनकी प्रसिद्धि का अंदाजा इसी बात से लगाया जाता है कि उन्हें देखने और सुनने के लिए भारी संख्या में लोग एकत्रित होते हैं।