जोगेंद्र मावी, ब्यूरो
खनन माफियाओं के हौसलें इतने बुलंद है कि तहसीलदार की गाड़ी पर बुलडोजर चढ़ाकर तहसीलदार को घायल कर दिया। इतना ही नहीं दोबारा से बुलडोजर से कुलचने का प्रयास किया, लेकिन तहसीलदार समेत अन्य कर्मचारियों ने बाजरे के खेत में भागकर अपनी जान बचाई।
मामले के अनुसार आगरा के बाह के जैतपुर स्थित गांव नाहटौली की पुलिया पर खेत से मिट्टी का अवैध खनन रोकने गई तहसील की टीम पर खनन करने वालों ने हमला बोल दिया। घटना रात करीब 11 बजे की है। तहसीलदार प्रवेश कुमार, नायब तहसीलदार विपिन कुमार, होमगार्ड चंद्रभान, फौरन सिंह और चालक वृंदावन बोलेरो से गांव पहुंचे थे। टीम ने पहुंचकर देखा कि बुलडोजर से खनन कर मिट्टी ट्राॅलियों में भरी जा रही थी। प्रशासन की टीम को देखकर आरोपी भागने लगे। इस पर टीम ने पीछा किया। इस दौरान खनन करने वालों ने तहसीलदार प्रवेश कुमार, नायब तहसीलदार विपिन कुमार को लाठी डंडो से पीट दिया। इसके बाद खननकर्ताओं ने बोलेरो में सवार तहसील की टीम पर बुलडोजर चढ़ाने का प्रयास किया। चालक ने किसी तरह गाड़ी को मोड़ा। आरोपियों ने बुलडोजर को दोबारा गाड़ी के पीछे दौड़ाया। इस पर तहसीलदार सहित अन्य कर्मचारियों ने पैदल बाजरे के खेत में भागकर जान बचाई। घटना की जानकारी पर जैतपुर पुलिस पहुंच गई।
पुलिस ने घेराबंदी करके 5 ट्रैक्टर-ट्राॅलियों को जब्त कर लिया। वहीं एक आरोपी को भी हिरासत में लिया गया है। थानाध्यक्ष जैतपुर ईश्वर सिंह तोमर ने बताया कि मामले में मुकदमा दर्ज किया जा रहा है। हमले में तहसीलदार के हाथ और पैर में चोट लगी है। वहीं कर्मचारियों को भी मामूली चोट आई हैं। उनका मेडिकल कराया गया है।
पुलिस खनन माफिया की तलाश में जुट गई है। मिट्टी का खनन खेत से हो रहा था। इसके बाद ट्रैक्टर ट्राॅली से ले जाया जा रहा था। अब पुलिस यह पता कर रही है कि खेत किसका है। खेत मालिक ने ही मिट्टी के खनन के लिए बुलाया होगा।

