जोगेंद्र मावी, ब्यूरो
हरिद्वार। राजनीति में सबकुछ संभव है। ऐसा इसलिए कह रहे हैं कि एक दूसरे के धुर विरोधी नेता भाजपा के पूर्व अध्यक्ष एवं शहर विधायक मदन कौशिक और पूर्व कैबिनेट मंत्री स्वामी यतीश्वरानंद ने शहर में एक ही कार से बैठकर आयोजन स्थल पर पहुंचे। कार स्वामी यतीश्वरानंद की थी, जिसमें अगली सीट पर मदन कौशिक बैठें, साथ में भाजपा के जिला उपाध्यक्ष विकास तिवारी भी थे।
मौका था, मुख्यमंत्री पुष्कर धामी के जन्मदिन पर आयोजित ओपन हाफ मैराथन दौड़ का। जिसका शुभारंभ पूर्व प्रदेश अध्यक्ष एवं शहर विधायक मदन कौशिक, पूर्व कैबिनेट मंत्री स्वामी यतीश्वरानंद, भाजयुमो जिलाध्यक्ष विक्रम भुल्लर, पूर्व मेयर मनोज गर्ग ने रंग बिरंगे गुब्बारे उड़ाकर किया। यहां से प्रतिभागियों के साथ चंद्राचार्य चौक के लिए सभी चलने लगे तो मदन कौशिक पूर्व कैबिनेट मंत्री स्वामी यतीश्वरानंद की कार में अगली सीट पर बैठ गए। बाद में भी दोनों एक साथ बैठकर मंच सांझा किया। हालांकि कार में बैठने के बाद दोनों के बीच क्या वार्ता हुई, इसकी जानकारी तो नहीं हो सकी, लेकिन शहर में चर्चाओं का बाजार जरूर गरम हो गया।