हजारों समर्थकों के साथ देहरादून के लिए रवाना होते हुए चौधरी रविंद्र सिंह पनियाला।

जोगेंद्र मावी, ब्यूरो
हरिद्वार। बहुजन समाज पार्टी की टिकट बेचने एवं जनविरोधी नीतियों से आहत होकर खानपुर विधानसभा प्रभारी चौधरी रविंद्र सिंह पनियाला दोबारा से घर वापसी कर रहे हैं। वे भाजपा ज्वाइन करने के लिए देहरादून पहुंच चुके हैं। उनके साथ सैकड़ों कारों का काफिला पहुंचा है। उनके भाजपा ज्वाइन करने से समर्थकों में बेहद उत्साह है। भाजपा के प्रदेश के शीर्ष नेताओं के नेतृत्व में वे भाजपा की सदस्यता ग्रहण करेंगे। उनके भाजपा में आने से जिला पंचायत मजबूत होगी।
विधानसभा चुनाव-2022 में बसपा के खिलाफ काम करने वालों को टिकट देने से चौधरी रविंद्र सिंह पनियाला बहुत आहत हुए। जो पार्टी के लिए काम कर रहे थे, उन्हें प्रत्याशी नहीं बनाया। जो दूसरी पार्टियों से आए और जिन्होंने पार्टी की नीतियों के अनुसार कभी काम नहीं किया, उन्हें जिला पंचायत में प्रत्याशी बना दिया गया। इससे चौधरी रविंद्र सिंह पनियाला ने पार्टी छोड़ने का निर्णय लिया। बुधवार को हजारों समर्थकों के साथ रविंद्र सिंह भाजपा ज्वाइन करने के लिए देहरादून प्रदेश कार्यालय पहुंच गए हैं। सैकड़ों गाड़ियों के काफिले के साथ वे देहरादून पहुंच गए हैं। चंद घंटों में वे भाजपा के सदस्य हो जाएंगे, हालांकि 2016 तक वे भाजपा में शामिल रहे, लेकिन कुछ कारणों से उन्होंने भाजपा छोड़ दी थी, वे 2017 में निर्दलीय चुनाव मैदान में उतरें, जबकि 2012 में वे भाजपा से चुनाव मैदान में उतरे थे। 2022 में वे बहुजन समाज पार्टी से प्रत्याशी बनकर चुनाव मैदान में उतरे थे। चौधरी रविंद्र सिंह पनियाला ने बताया कि भाजपा की रीतियों एवं नीतियों को आगे बढ़ाते हुए जनमानस को सरकार की योजनाओं से आच्छादित करने का काम करेंगे।