जोगेंद्र मावी, ब्यूरो
हरिद्वार। अमेरिकन आश्रम की तीन बीघा भूमि कब्जाने के मामले में प्रतिदिन नए—नए खुलासे हो रहे हैं। आश्रम के पास कब्जाई हुई भूमि पर एचआरडीए द्वारा स्वीकृत किए नक्शे को जांच कर निरस्त कराने की मांग पार्षद आकाश भाटी ने सचिव से की है। उन्होंने लिखित में शिकायत दर्ज कराकर उच्च स्तरीय जांच की मांग की है। सामने आया है कि इसी नक्शे के बल पर मॉडल कॉलोनी निवासी प्रॉपर्टी डीलर ने अमेरिकन आश्रम की तीन बीघा भूमि को समेटने का स्वांग रचा।
भाजपा के पार्षद आकाश भाटी की अमेरिकन आश्रम को बचाने की मुहिम निरंतर जारी है। पार्षद आकाश भाटी ने एचआरडीए के सचिव को शिकायत कर आश्रम के नजदीक में भूमि पर स्वीकृत कॉलोनी के नक्शे को गलत बताया है।

पार्षद ने सौंपी शिकायत के अनुसार उक्त स्थल के को-ऑर्डिनेट 29.9824, 78.184759 हैं, जो वर्तमान में खाली भूमि के रूप में स्थित है। उक्त स्थल के संबंध में पूर्व में स्वीकृत मानचित्र आवासीय उपयोग हेतु स्वीकृत किया गया है। आपत्ति यह है कि यदि उक्त स्थल पर कॉलोनी का लेआउट प्राधिकरण द्वारा स्वीकृत नहीं है, तो बिना स्वीकृत लेआउट के आवासीय मानचित्र किस आधार पर स्वीकृत किया गया? साथ ही, यदि मौके पर नियमानुसार रोड एवं अन्य आवश्यक विकास कार्य किए बिना तथा विधिवत कॉलोनी का लेआउट स्वीकृत कराए बिना मानचित्र स्वीकृत किया गया है, तो यह गंभीर जांच का विषय है।

अतः आपसे अनुरोध है कि-मानचित्र संख्या HRDA/NR/1522/2025-26 को तल्काल निरस्त किया जाए। उक्त स्थल के स्वीकृत लेआउट एवं मानचित्र की नियमानुसार जांच कराई जाए। मानचित्र स्वीकृत कराने वाले आवेदक तथा इस प्रकरण में सम्मिलित संबंधित अधिकारियों की भूमिका की उच्चस्तरीय जांच कराई जाए। यदि जांच में नियमों का उल्लंघन अथवा अनियमितता पाई जाती है तो संबंधित अधिकारियों एवं अन्य जिम्मेदार व्यक्तियों के विरुद्ध विभागीय एवं विधिक कार्रवाई की जाए। बिना मौके पर आवश्यक सड़क एवं अन्य मूलभूत विकास कार्य कराए तथा बिना वैध लेआउट स्वीकृति के मानचित्र पास करने वाले अधिकारियों की जिम्मेदारी भी निर्धारित की जाए। अतः जनहित एवं प्राधिकरण के नियमों की पारदर्शिता को ध्यान में रखते हुए उक्त प्रकरण की निष्पक्ष जांच कर मानचित्र निरस्त करने एवं दोषी व्यक्तियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई करने की कृपा करें।

