जोगेंद्र मावी, ब्यूरो
देहरादून जिले में प्राइवेट स्कूल के नाबालिग छात्र से साथ प्रबंधक और प्रिंसिपल पर कुकर्म का गंभीर आरोप है। पुलिस ने आरोपी प्रिंसिपल के खिलाफ पॉक्सो एक्ट में मुकदमा दर्ज करते हुए आरोपी प्रिंसिपल को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। प्रिंसिपल ने गलत नीयत रखते हुए छात्र को अपने घर में रख लिया था।
जानकारी के अनुसार आरोपी प्रेमनगर थाना क्षेत्र में स्थित प्राइवेट स्कूल का प्रबंधक और प्रिंसिपल है। पीड़ित बच्चे के माता-पिता और प्रिंसिपल बीते आठ सालों से एक-दूसरे को जानते हैं, वो अपने बच्चों के एडमिशन कराने उसी स्कूल में आए थे। माता-पिता बच्चे को हॉस्टल में रखना चाहते थे, लेकिन आरोपी प्रिंसिपल ने माता-पिता को भरोसे में लिया और कहा कि बच्चा उनके पास रह सकता हैं, जिस पर माता पिता ने भी सहमति दे दी।
आरोप है कि 28 जून की रात बच्चा जब खाना खाने के बाद अपने रूम में सोने के लिए जाने लगा तो बच्चे को प्रबंधक ने रोक लिया और अपने साथ सुलाया। इस दौरान आरोपी ने रात में बच्चे के साथ कुकर्म किया, जिसके बाद बच्चा काफी डर गया और गुमसुम रहने लगा। बच्चे को गुमसुम हालत में देख रहे माता पिता ने कई बार जब बच्चे से पूछा तो उसने अपने साथ हुई घटना के बारे में बताया।
उसके बाद 20 जुलाई को प्रेमनगर निवासी पीड़ित छात्र के परिजनों ने थाने में शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि उनका 15 वर्षीय बेटा प्राइवेट स्कूल में पढ़ता है। पिछले कुछ समय से वह काफी शांत और गुमसुम रहने लगा था। परिवार के बार-बार पूछने पर छात्र ने बताया कि स्कूल के प्रबंधक एवं प्रधानाचार्य उसके साथ अश्लील हरकतें करते थे और उसके साथ उन्होंने गलत काम किया है।
थाना प्रेमनगर प्रभारी नरेश राठौर ने बताया है कि पीड़ित की शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए पॉक्सो एक्ट की धारा 5 (एफ), 6, 7 और 8 के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया और मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए एसएसपी देहरादून ने आरोपी की तत्काल गिरफ्तारी के निर्देश दिए। इसके बाद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया। वहीं इस मामले में पुलिस ने अपनी विस्तृत जांच शुरू कर दी है।

