डीएसओ डॉ सीमा चौधरी

ब्यूरो रिपोर्ट
एक महिला ने अपनी बेटी डीएसओ डॉ सीमा चौधरी, जो जनपद की जिला पूर्ति अधिकारी हैं, समेत पांच लोगों पर जमीन हड़पने की साजिश, फर्जी हस्ताक्षर और धमकी देने का आरोप लगाया है। डीआईजी के निर्देश पर प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
सहारनपुर जनपद के सरसावा थाना क्षेत्र के गांव मीरपुर सीतापुर निवासी मुनेश रानी ने अपनी जमीन पर अवैध रूप से कब्जा करने की साजिश रचने के आरोप में अपनी बेटी सीमा चौधरी सहित पांच के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है। सीमा चौधरी वर्तमान में हापुड़ में जिला पूर्ति अधिकारी के पद पर तैनात हैं।

डीएसओ डॉ सीमा चौधरी

मुनेश रानी ने डीआईजी सहारनपुर को दिए प्रार्थनापत्र में बताया था कि उनकी बेटी ने चार अन्य लोगों के साथ मिलीभगत कर उनकी जमीन हड़पने की नीयत से फर्जी रसीद तैयार कर उस पर जाली हस्ताक्षर कर लिए हैं। उनके द्वारा हस्तलेख विशेषज्ञ से हस्ताक्षरों की जांच कराई गई जो फर्जी पाए गए। इसका विरोध करने पर उन्हें जान से मारने की धमकी दी गई।
पीड़िता का आरोप है कि उनकी जानकारी के बिना उनके बैंक खाते में लाखों रुपये का लेनदेन कराया गया। डीआईजी के निर्देश पर थाना पुलिस ने पीड़िता की तहरीर पर सीमा चौधरी, संजीव कुमार, राजेंद्र, गंभीर तथा नरेश कुमार के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जांच अधिकारी देवकरण शर्मा ने बताया कि पीड़िता द्वारा उपलब्ध कराए गए साक्ष्यों की जांच की जा रही है। उसके बाद अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।
डॉ सीमा सिंह चौधरी ने बताया कि यह मामला पूरी तरह से फर्जी है। मुझे रिपोर्ट दर्ज होने की कोई जानकारी नहीं है। मेरे अपनी मां से बहुत अच्छे संबंध हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *