ब्यूरो रिपोर्ट
कुठौंद थाना प्रभारी की मौत मामले में महिला सिपाही पर हत्या की रिपोर्ट दर्ज की गई है। दिवंगत की पत्नी ने महिला सिपाही मीनाक्षी शर्मा पर पति की हत्या का आरोप लगाया है। इस बीच एक सीसीटीवी फुटेज सामने आया है। फुटेज में महिला सिपाही भागते हुए दिखाई दे रही है।
इंस्पेक्टर राय और सिपाही मीनाक्षी शर्मा जुलाई—2024 में एक दूसरे के संपर्क में आए। दोनों जालौन के कोंच थाने में तैनात रहे और दोनों के बीच संबंध होने की बात सामने आई। मीनाक्षी के अन्य थानो में तबादले होते रहे, लेकिन वह राय से मिलने के आती रही। मीनाक्षी आईफोन के साथ तीन मोबाइल रखती थी और हाल में ही उसने 3 लाख का हार लिया था, जोकि इंस्पेक्टर ने ही उसे दिलाया था। मीनाक्षी के पास इंस्पेक्टर के अश्लील वीडियो थे, जिससे वह इंस्पेक्टर को लगातार ब्लैकमेल कर रही थी। बताया गया कि मीनाक्षी की फरवरी—2026 में शादी होने वाली थी, वह शादी के लिए 25 लाख रुपये मांग रही थी। यह भी सामने आया कि वारदात के समय मीनाक्षी को किसी ने बाइक से यहां पर छोड़ा था और वह 9.15 बजे आई और तीन मिनट बाद भागते ही नजर आई। हालांकि मीनाक्षी को गिरफ्तार कर लिया है। उससे सघन पूछताछ की जा रही है। मीनीक्षी पिछले 12 दिन से ड्यूटी पर नहीं जा रही थी। वह इस दौरान क्यो ड्यूटी से गायब हुई, यह भी पूछताछ की जा रही है।
जालौन के उरई के कुठौंद थाना प्रभारी अरुण कुमार राय की शुक्रवार की रात थाना परिसर स्थित उनके आवास में संदिग्ध हालात में सर्विस रिवाल्वर से गोली चलने से मौत हो गई थी। घटना के दौरान एक महिला सिपाही मीनाक्षी शर्मा को आवास से भागते हुए देखा गया था। दिवंगत इंस्पेक्टर की पत्नी माया राय ने महिला सिपाही पर पति की हत्या का आरोप लगाया है। एसपी डॉ. दुर्गेश कुमार का कहना है कि महिला सिपाही को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
दिवंगत अरुण कुमार राय के आवास से शुक्रवार की रात लगभग सवा नौ बजे गोली चलने की आवाज सुनाई दी थी। इस दौरान उनके कमरे से एक महिला सिपाही चिल्लाते हुए बाहर आई और बोली की थाना प्रभारी ने गोली मार ली। कर्मचारी जब मौके पर पहुंचे तो खून से लथपथ अरुण कुमार राय चारपाई पर मच्छरदानी के अंदर पड़े थे।
घटना से थाने में अफरातफरी मच गई। आनन-फानन पुलिसकर्मी उन्हें मेडिकल कॉलेज ले गए। यहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। सनसनीखेज घटना की जानकारी पर एसपी डॉ. दुर्गेश कुमार व डीएम राजेश कुमार पांडे थाने पहुंचे और फोरेंसिक टीम ने जांच की। जानकारी पर परिजनों के साथ पहुंची उनकी पत्नी ने महिला सिपाही पर हत्या करने का आरोप लगाते हुए तहरीर दी।
एसपी डा. दुर्गेश कुमार ने बताया कि रात में एक महिला सिपाही ने सूचना दी कि साहब ने गोली मार ली है। घटनास्थल पर साक्ष्य जुटाए गए हैं। डाॅक्टरों के तीन सदस्यीय पैनल से पोस्टमार्टम कराया है। इसकी वीडियोग्राफी भी हुई है। थाना प्रभारी की पत्नी माया राय ने कोंच कोतवाली के यूपी-112 में तैनात सिपाही मीनाक्षी शर्मा पर हत्या करने का आरोप लगाते हुए तहरीर दी है।


अरुण किसी भी हालत में खुदकुशी नहीं कर सकते’
बताया कि उनके पति अरुण किसी भी हालत में खुदकुशी नहीं कर सकते। उनकी मौत के बाद महिला सिपाही निकलकर भागी थी जिसका नाम मीनाक्षी शर्मा बताया गया है। पति की हत्या भी उसी महिला ने की है।
पीछे के गेट से पहुंची थी मीनाक्षी, दरवाजे पर जूते से ठोकर भी मारी
कुठौंद थाने में थाना प्रभारी का आवास पीछे की ओर बना है। उसमें पीछे की ओर से भी एक रास्ता है। बताया गया कि महिला सिपाही पीछे के रास्ते से थाना प्रभारी के आवास पर पहुंची थी, वहां उसकी थाना प्रभारी से किसी बात को लेकर बहस हो गई। थाना प्रभारी ने अपना दरवाजा अंदर से बंद कर लिया। तभी महिला ने जूते से दरवाजे पर ठोकर मारी और दरवाजा खुल गया।
इसी दौरान प्रभारी की गोली लगने से मौत हो गई। घटना का एक सीसीटीवी फुटेज का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। जिसमें महिला सिपाही बैग लेकर भागती हुई नजर आ रही है।
दिवंगत थाना प्रभारी की पत्नी की तहरीर पर महिला सिपाही के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। जांच के लिए तीन सदस्यीय टीम भी गठित की गई है। टीम हर बिंदु पर जांच करेगी।-डॉ. दुर्गेश कुमार, एसपी जालौन
23 नवंबर से ड्यूटी पर नहीं पहुंच रही थी महिला सिपाही
महिला सिपाही मीनाक्षी शर्मा कोंच कोतवाली के यूपी-112 में तैनात थी। वह 23 नवंबर से ड्यूटी नहीं पहुंच रही थी। इस पर वाहन प्रभारी ने उसकी रिपोर्ट कार्यालय में दर्ज कराई थी। 12 दिन से वह कहां थी और क्या कर रही थी, पुलिस इस बिंदु पर भी गहनता से जांच कर रही है। लोगों का कहना है कि वह थाना प्रभारी के आवास में क्या करने आई थी, यह जांच के बाद ही साफ हो पाएगा।
महिला सिपाही व थाना प्रभारी के बीच मोबाइल में हुई बातचीत का रिकार्ड मिलने की बात भी सामने आई है। सूत्रों के मुताबिक घटना से कुछ समय पहले मोबाइल में महिला सिपाही की तरफ से कहा गया है कि उसे उसकी वर्दी दे दो। उसे घर जाना है। जिस पर थाना प्रभारी की तरफ से भी जवाब दिया गया है। पुलिस इस एंगल पर भी पड़ताल में जुटी है। घटनास्थल से एक पत्र भी मिलने की बात सामने आई है।
सिपाही पर भर्ती उत्कृष्ट कार्य कर बने इंस्पेक्टर
मूल रूप से संतकबीर नगर व इस समय आवास विकास कॉलोनी गोरखपुर निवासी अरुण कुमार राय 1998 में सिपाही के रूप में पुलिस सेवा में भर्ती हुए थे। लंबे कार्यकाल के बाद उन्हें 2013 में उप निरीक्षक बनाया गया। इसके बाद उत्कृष्ट कार्य के आधार पर 2022 में इंस्पेक्टर पद पर पदोन्नति मिली।
इंस्पेक्टर बनने के बाद उनकी पहली पोस्टिंग महाराजगंज थाना प्रभारी के रूप में हुई थी। वह 2023 में जिले में तैनात हुए थे। शुरुआत में उन्हें मीडिया सेल का प्रभार मिला, इसके बाद कोच कोतवाली फिर उरई कोतवाली में एक वर्ष से अधिक समय तक रहे। 21 अगस्त 2025 को उन्होंने कुठौंद थाने का कार्यभार ग्रहण किया था। जहां वह प्रभारी निरीक्षक के रूप में तैनात थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *