जोगेंद्र मावी, ब्यूरो
हरिद्वार। राजाजी टाइगर रिजर्व की चिल्ला रेंज में बड़ा हादसा हो गया है। ऋषिकेश—हरिद्वार के बीच के चिल्ला मार्ग पर कार का पिछला टायर फट गया, जिससे कार अनियंत्रित होकर पहले पेड़ से टकराई। कार की तेज गति होने से दो अधिकारियों के साथ तीन अन्य कर्मचारियों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
जिसमें एक रेंजर शैलेष घिल्डियाल और प्रमोद ध्यानी की मौत हो गई, एक महिला अधिकारी वार्डन आलोनी चिल्ला नहर में गिर गईं है, जिनकी तलाश जारी है। अन्य कर्मचारियों में चालक सैफ अली खान और कुलराज सिंह की भी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। वहीं, नहर में गिर जाने पर चलाए गए रेस्क्यू में पशु चिकित्सक डॉ आरके नौटियाल को बचा लिया है। घायल अधिकारी एवं कर्मचारियों को एम्स भेजा गया है।

रेंजर शैलेष घिल्डियाल बड़े ही सौम्य व्यवहार के अधिकारी थे, वे उत्तराखंड में जिलाधिकारी रहे आईएएस मंगेश घिल्डियाल के भाई थे।
बताया जा रहा है कि एक इंटरसेप्टर कार जिम कार्बेट से मिली थी, जिसका ट्रायल चिल्ला रेंज के अधिकारियों के द्वारा चिल्ला पावर हाउस से पहले ऋषिकेश रोड पर किया जा रहा था। कि अचानक से कार का टायर फट गया और कार पूरी तरह से अनियंत्रित हो गई। जिससे बड़ा हादसा हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही प्रदेश में शोक छा गया और सभी विभागीय अधिकारी घटनास्थल पर पहुंच गए। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अधिकारियों के निधन पर शोक जताया है और पूरे प्रकरण की जांच के निर्देश दिए।

