जोगेंद्र मावी, ब्यूरो
उत्तराखंड में सड़क दुर्घटना होने पर एसएसपी ने बड़ी कार्रवाई की है। लापरवाही बरतने पर दो चौकियों के प्रभारी को लाइन हाजिर किया है। एसएसपी के द्वारा की गई कार्रवाई से अन्य पुलिसकर्मियों में भी हड़कंप मचा हुआ है।
उधमसिंह नगर जिले में सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और पुलिस की कार्यप्रणाली में लापरवाही को लेकर एसएसपी अजय गणपति ने सख्त रुख अपनाया है। कुंडा कोतवाली क्षेत्र में हुए भीषण सड़क हादसे में तीन लोगों की मौत और सात लोगों के घायल होने के बाद एसएसपी ने बड़ी कार्रवाई की है। प्रभावी चेकिंग अभियान में लापरवाही के मामले को गंभीरता से लेते हुए शिवराजपुर पट्टी और मंडी चौकी प्रभारी को तत्काल प्रभाव से लाइन हाजिर कर दिया गया है। एसएसपी ने सभी थाना और चौकी प्रभारियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि ड्यूटी में लापरवाही बरतने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
सड़क हादसे के बाद पुलिस विभाग में सख्ती
10 अक्टूबर को कुंडा कोतवाली क्षेत्र में भीषण सड़क दुर्घटना हुई थी। इस हादसे में सात लोग घायल हो गए थे, जबकि तीन व्यक्तियों की मौत हो गई थी। घटना की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी अजय गणपति ने क्षेत्र में सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और प्रभावी चेकिंग अभियान चलाने में बरती गई लापरवाही को गंभीरता से लिया। इसके बाद संबंधित चौकी प्रभारियों के खिलाफ कार्रवाई की गई।
शिवराजपुर पट्टी और मंडी चौकी प्रभारी लाइन हाजिर
एसएसपी के आदेश पर शिवराजपुर पट्टी चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक सौरभ भारती और मंडी चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक मनोज देव को तत्काल प्रभाव से लाइन हाजिर कर दिया गया है। दोनों चौकी प्रभारी कुंडा कोतवाली क्षेत्र में तैनात थे। पुलिस विभाग की इस कार्रवाई को ड्यूटी के प्रति जवाबदेही तय करने और सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए प्रभावी कदम उठाने के संदेश के रूप में देखा जा रहा है।
लापरवाही बरतने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई: एसएसपी अजय गणपति ने स्पष्ट किया कि ड्यूटी में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने सभी थाना प्रभारियों और चौकी प्रभारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए अपने कर्तव्यों का निर्वहन पूरी जिम्मेदारी और सतर्कता के साथ करने को कहा है।

