लाल चंदन

जोगेंद्र मावी, ब्यूरो
देश में चंदन की लकड़ी का अवैध कारोबार नहीं रुक सका है। सबसे बड़ी बात तो यह है कि देश के दूसरे कौने से करीब 2500 किलोमीटर की दूरी पर कैसे लकड़ी पहुंची। राजस्थान की राजधानी जयपुर में पुलिस मुख्यालय की सीआईडी क्राइम ब्रांच टीम ने सोमवार को कोटपुटली-बहरोड़ जिले में 3808.60 किलोग्राम दुर्लभ अवैध लाल चंदन की लकड़ी पकड़ी है। इसके कुल 144 नग बरामद किए गए हैं।
बाजार में पकड़ी गई लाल चंदन की लकड़ी की कीमत 12 करोड़ रुपये बताई जा रही है। अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (अपराध) दिनेश एमएन ने बताया कि प्रदेश में पहली बार इतनी बड़ी मात्रा में उच्च गुणवत्ता की बहुमूल्य चंदन की लकड़ी पकड़ी गई है। पुलिस ने चार तस्करों को गिरफ्तार करने के साथ ही एक बोलेरो और एक ब्रेजा गाड़ी जब्त की है।
मुख्य आरोपित विकास मौके से फरार होने में कामयाब हो गया। उन्होंने बताया कि अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विद्या प्रकाश के नेतृत्व में इस कार्रवाई को अंजाम दिया गया। पुलिस ने जिन आरोपितों को गिरफ्तार किया है उनमें आशीष कुमार, मुकेश गुर्जर, अशोक मीणा और जफरूद्दीन शामिल हैं। चारों आरोपित अलवर जिले के निवासी हैं।
जानकारी के अनुसार लाल चंदन की तस्करी तमिलनाडु व कर्नाटक से होती है। इसका परिवहन, संग्रहण और बेचना बिना अनुमति अवैध है। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि आरोपित लाल चंदन को अंतर्राष्ट्रीय व राष्ट्रीय स्तर पर बेचते थे।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *