जोगेंद्र मावी, ब्यूरो
हरिद्वार। एचआरडीए ने सिडकुल क्षेत्र में चल रही अवैध कॉलोनियों में बुलडोजर चलाते हुए ध्वस्तीकरण करते हुए सील किया। साथ ही तीन अवैध निर्माणों को भी सील किया। एचआरडीए की उपाध्यक्ष सोनिका ने बिना अप्रूव्ड कराए कॉलोनी काटने वालों को सख्ती के साथ चेतावनी दी है।
सोमवार को एचआरडीए का ध्वस्तीकरण कार्रवाई अभियान चला। एचआरडीए के सचिव मनीष कुमार सिंह ने बताया कि तीन कॉलोनियों के साथ दो निर्माण सील किए है। जिनमें रावली महदूद ज्वालापुर की रामधाम कॉलोनी में अर्जुन सिंह की लगभग 9 से 10 बीघा में प्लाटिंग, रावली महदूद ज्वालापुर की रामधाम कॉलोनी में लगभग 4 से 5 बीघा में प्लाटिंग का कार्य तथा लगभग 15’ गुणा 15’ के क्षेत्रफल में निर्माण कार्य किया जा रहा है। वहीं, रावली महदूद ज्वालापुर की रामधाम कॉलोनी में गुरु कृपा स्वीट्स के सामने सुखवीर सिंह द्वारा लगभग 2 बीघा में प्लाटिंग का कार्य तथा लगभग 15’गुणा 20’ के क्षेत्रफल में निर्माण कार्य किया जा रहा है।
एचआरडीए के सचिव मनीष कुमार सिंह ने बताया कि प्राधिकरण द्वारा उक्त सभी अनाधिकृत निर्माणों के विरूद्ध अधिनियम की सुसंगत धाराओं के अन्तर्गत कार्यवाही करते हुए वाद योजित किये गये है। स्थल पर निरंतर निर्देशों के बावजूद भी अनाधिकृत निर्माणकर्ताओं द्वारा स्थल पर निर्माण कार्य बंद ना करने के कारण प्राधिकरण टीम द्वारा पुलिस बल की उपस्थिति में अवैध निर्माणों को ध्वस्त तथा सील किया गया तथा मौके पर उपस्थित अनाधिकृत निर्माणकर्ताओं को स्वीकृत कराए बिना निर्माण कार्य ना किया जाने के लिए निर्देशित किया गया।

