जोगेंद्र मावी, ब्यूरो

हरिद्वार। श्यामपुर थाना क्षेत्र में 4.2 फ्लाईओवर के पास सोमवार तड़के करीब 4:30 बजे एक दर्दनाक सड़क हादसे में टनकपुर डिपो की रोडवेज बस और एक पिकअप वाहन की आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि चार अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।

पुलिस के अनुसार रोडवेज बस संख्या UK07 PA 2812 नजीबाबाद से हरिद्वार की ओर आ रही थी, जबकि पिकअप PB65 BH 7296 हरिद्वार से बिजनौर की ओर जा रही थी। पिकअप में करीब 10 लोग सवार थे। टक्कर इतनी भीषण थी कि दो व्यक्ति फ्लाईओवर से नीचे जा गिरे।

सूचना मिलते ही श्यामपुर पुलिस, रात्रि अधिकारी तथा अन्य पुलिस टीमें मौके पर पहुंचीं। क्षेत्राधिकारी नगर भी घटनास्थल पर पहुंचे और तत्काल 108 एंबुलेंस के माध्यम से घायलों को जिला चिकित्सालय हरिद्वार भेजा गया।

उपचार के दौरान अहान (18) पुत्र शराफत, निवासी बड़ापुर, नजीबाबाद तथा एक अज्ञात लगभग 35 वर्षीय व्यक्ति की मौत हो गई। गंभीर रूप से घायल शराफत (42) और उनकी पत्नी शबाना (35) को एम्स ऋषिकेश रेफर किया गया, लेकिन रास्ते में शबाना ने भी दम तोड़ दिया।

अन्य घायलों में अन्नू (18) पुत्र मेहंदी हसन, सोनी लाल (25) पुत्र राम रहीश, निवासी हरदोई तथा शमीम (42) पुत्र हसीनुद्दीन, निवासी बिजनौर का जिला चिकित्सालय हरिद्वार में उपचार चल रहा है।

पुलिस ने मृतकों के शव पोस्टमार्टम के लिए जिला चिकित्सालय की मोर्चरी में रखवा दिए हैं तथा परिजनों को सूचना दे दी गई है। दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हाइड्रा की सहायता से हटाकर यातायात सुचारु करा दिया गया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *