जोगेंद्र मावी, ब्यूरो
हरिद्वार। हरिद्वार के ज्वैलर्स ने 12 तोला सोना नकली बेच दिया। ग्राहक शिकायत लेकर पहुंचा तो बदलने के नाम पर उसे भी हड़प गया। रानीपुर कोतवाली क्षेत्र में ग्राहक को नकली सोने के आभूषण बेचने और बाद में उन्हें बदलने के नाम पर सुनार की ओर से हड़प लेने का मामला सामने आया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार तोफीक अहमद पुत्र यूनुस निवासी दादूपुर गोविंदपुर ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उन्होंने वर्ष 2020 और 2022 में पथरी पावर हाउस स्थित तृप्ति ज्वैलर्स के मालिक अजय वर्मा निवासी अहबाबनगर, विष्णुलोक कॉलोनी, बीएचईएल रानीपुर से करीब 12 तोले सोने के आभूषण खरीदे थे। वर्ष 2024 में उन्हें पैसों की जरूरत पड़ी तो वह सोने के आभूषण गिरवी रखकर बैंक से लोन लेने पहुंचे। आरोप है कि बैंक कर्मचारियों ने जांच के बाद बताया कि आभूषण नकली हैं और उन पर लोन नहीं मिल सकता। इसके बाद तोफीक अहमद ने ज्वैलर्स संचालक अजय वर्मा से संपर्क कर मामले की जानकारी दी।
आरोप है कि अजय वर्मा ने पहले करीब 68.67 ग्राम सोने के आभूषण बदलकर देने के नाम पर वापस ले लिए और बाकी करीब पांच तोले सोना बाद में लौटाने का भरोसा दिया। आरोप है कि विश्वास में लेकर उसने सभी आभूषण अपने पास रख लिए, लेकिन आज तक न तो नए गहने दिए और न ही उनकी कीमत लौटाई। आरोप लगाया कि ज्वैलर्स ने पहले नकली आभूषण बेचकर धोखाधड़ी की और बाद में असली गहने बदलने के नाम पर हड़प लिए। कोतवाली प्रभारी मनोहर सिंह भंडारी ने बताया कि इस संबंध में रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

