जोगेंद्र मावी, ब्यूरो
हरिद्वार। हरिद्वार ग्रामीण विधानसभा सीट से प्रत्याशी कैबिनेट मंत्री यतीश्वरानंद ने पर्वतीय मूल के विस्थापित निवासियों और वन गुर्जरों से वादा किया कि उन्हें भूमि के स्वामित्व का अधिकार दिलाने का काम सरकार बनते ही करेंगे। इससे उन्हें भूमि पर किसान क्रेडिट कार्ड, फसली ऋण, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि का लाभ और अन्य लाभ मिलने लगेंगे। उन्होंने वन गुर्जरों से वादा किया कि उनके क्षेत्रों में सड़कें, शुद्ध पेयजल के लिए पानी की टंकी और अन्य सरकार की योजनाओं का लाभ दिलाने काम होगा।
बूथ को मजबूत करने के लिए चलाए गए अभियान के तहत गैंडीखाता में वन गुर्जर बस्तियों में बैठकें ली। बैठकों में भारी संख्या में वन गुर्जर शामिल हुए। वन गुर्जरों ने फूलों की बारिश करते हुए स्वामी यतीश्वरानंद का स्वागत किया। स्वामी यतीश्वरानंद ने वन गुर्जरों की समस्या सुनते हुए कहा कि वे वन गुर्जरों और पर्वतीय मूल के विस्थापितों को भूमि का स्वामित्व अधिकार दिलाने का काम करेंगे। इससे वे भूमि के मालिक बन जाएंगे और अन्य निवासियों की तरह वे भी अपनी भूमि के अधिकारों का प्रयोग कर सकेंगे। इससे उन्हें सरकार की प्रत्येक कृषि संबंधित योजनाओं का लाभ मिलने लगेगा। वे कृषि की उपज के लिए सभी तरह के ऋण ले सकेंगे। उन्हें प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि का फायदा मिलने लगेगा। साल भर में 6000 रुपये मिलने लगेंगे। इससे उनकी आर्थिक स्थिति मजबूत होगी और कृषि उपज में भी ये लाभ सार्थक होगा।

स्वामी यतीश्वरानंद ने कांग्रेस की सरकारों पर निशाना साधते हुए कहा कि पर्वतीय मूल के विस्थापितों और वन गुर्जरों के लिए कोई काम नहीं किया। मूलभूत सुविधाओं से वंचित रखने का कांग्रेस सरकारों ने किया। उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत पर निशाना साधते हुए कहा कि अपने ससंदीय और मुख्यमंत्री कार्यकाल की एक उपलब्धि बता दें या फिर कोई लाभ पहुंचाया हो।

उन्होंने कहा कि भाजपा की सरकार ने उनके क्षेत्रों में अच्छी सड़कें बनवाई है और अन्य सुविधाएं उपलब्ध कराने का काम किया है। लेकिन कोरोना कार्यकाल के चलते हुए विकास कार्य प्रभावित हुए। उस समय जीवन बचाने के लिए काम किए गए। सभी को निशुल्क वैक्सीन लगवाकर जीवन सुरक्षित किया गया। वैक्सीन के प्रभाव से कोरोना की तीसरी लहर बेअसर साबित हुई। आज प्रत्येक जन सुरक्षित है और अपने विकास के पथ पर चल रहा है।
उन्होंने लोगों से वादा किया कि वे भाजपा की सरकार बनते ही विकास की गति को तेजी देंगे और प्रत्येक क्षेत्र निवासी सरकार की योजनाओं का लाभ प्राप्त करेगा।

