जोगेंद्र मावी, ब्यूरो
हरिद्वार। हरिद्वार ग्रामीण विधानसभा से कांग्रेस प्रत्याशी पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत की पुत्री अनुपमा रावत ने बादशाहपुर, नसीरपुर कलां, झबीरन, गैंडीखाता, लालढांग आदि में जनसंपर्क अभियान चलाते हुए कांग्रेस को वोट करने की अपील की। अनुपमा रावत ने कहा कि भाजपा जनता को केवल झूठ बोलकर वोट लेना चाहती है, लेकिन जनता भाजपा के कार्यकाल को भुगत चुकी है, इसलिए सभी ने मन बना लिया है कि वोट कांग्रेस को करेंगे।
बृहस्पतिवार को कांग्रेस प्रत्याशी अनुपमा रावत ने समर्थकों के प्रचार प्रसार करते हुए कांग्रेस को मतदान करने की अपील की। अनुपमा रावत ने कहा कि देश और प्रदेश का विकास कांग्रेस की सरकार ने किया है। गांवों के संपर्क मार्ग बनवाए। शिक्षा और चिकित्सा के क्षेत्र में जो विकास कांग्रेस के कार्यकाल में हो गए थे, उनमें भी भाजपा की सरकार डॉक्टर तक नियुक्त करवा सकी। कोरोना कार्यकाल में जनता परेशान रही, लेकिन भाजपा की सरकार ने किसी को देखा तक नहीं। सरकारी अस्पतालों में कोई व्यवस्था न होने के चलत हुए लोग प्राइवेट अस्पतालों में जाने को मजबूर रहे, जहां उनके साथ जमकर लूट हुई।

उन्होंने कहा कि जनता ​फिर से कांग्रेस की सत्ता चाहती है, इसलिए कांग्रेस को वोट देकर विजयी बनाएं। इस मौके पर प्रदेश सचिव धर्मेंद्र प्रधान, ठाकुर अर्जुन सिंह चौहान, मनीष कर्णवाल, धर्मेंद्र चौहान, इरशाद अली, मुकर्रम अंसारी, मुसर्रफ अंसारी आदि शामिल हुए।