जोगेंद्र मावी, ब्यूरो
हरिद्वार। विधानसभा चुनाव के नामांकन से पहले कांग्रेस को बड़ा झटका लगा है। वरिष्ठ कांग्रेस नेता महेंद्र अरोड़ा ने सैकड़ों समर्थकों के साथ भाजपा की सदस्यता ग्रहण की। महेंद्र अरोड़ा ने कहा कि कांग्रेस के शीर्ष नेता अपने हित के लिए पार्टी को बर्बाद करने पर लगे हैं, जबकि भाजपा ने राष्ट्रहित के साथ आमजन के लिए काम किया है।
शनिवार को बिल्वकेश्वर कॉलोनी स्थित भवन में एक बैठक में भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष एवं नगर विधायक मदन कौशिक के छोटे भाई मुकेश कौशिक ने वरिष्ठ कांग्रेसी नेता महेंद्र अरोड़ा को भाजपा की सदस्यता दिलाई। उन्हें पटका पहनाकर भाजपा में अभिनंदन एवं स्वागत किया। इससे पूर्व महेंद्र अरोड़ा कांग्रेस के विभिन्न पदों पर रहे। स्वागत करते हुए मुकेश कौशिक ने कहा कि महेंद्र अरोड़ा को भाजपा संगठन में उचित दायित्व दिया जाएगा। कहा कि उनपर विश्वास है कि महेंद्र अरोड़ा वर्तमान विधानसभा चुनाव में भाजपा में अपना दायित्व निभाते हुए हरिद्वार विधानसभा से मदन कौशिक को सफल बनाने में सभी कार्यकर्ताओं के साथ कंधे से कंधा मिला कर कार्य करेंगे।
भाजपा के जिला महामंत्री विकास तिवारी और पार्षद विनित जौली ने कहा कि कांग्रेस के कई नेता और कार्यकर्ता भाजपा की नीतियों से खुश होकर सदस्यता ग्रहण कर रहे हैं, ये देश के साथ हरिद्वार के लिए खुशी की खबर है।
भाजपा की सदस्यता ग्रहण करते हुए वरिष्ठ कांग्रेसी नेता महेंद्र अरोड़ा।